दूसरी बारादरी की मजबूती को लेकर उठे सवाल, कांग्रेस ने जांच के लिए सौंपा ज्ञापन, कलेक्टर बोले 15 दिन में मिलेगी रिपोर्ट

Datia News : दतिया । सुप्रसिद्ध पीतांबरा पीठ के सामने सड़क पर सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से बनाई गई जयपुर के लाल पत्थरों की बारादरी गत सोमवार शाम को रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर लगने से गिरकर ध्वस्त हो गई थी। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई परंतु बारादरी के नीचे खड़ी कुछ मोटर साइकिलें क्षतिग्रस्त हो गई। आम दिनों में यह हादसा होता तो कई जानें जा सकती थी। जिला प्रशासन ने इन्हीं बिंदुओं को लेकर जांच समिति को दायित्व सौंपा है।

बता दें कि नौ वर्ष पूर्व वर्ष 2012 में एमपीआरडीसी ने जयपुर की एक एजेंसी से 90 लाख रुपये में इसका निर्माण कराया था। इस हादसे जांच के लिए एडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय इंजीनियरों की एक जांच कमेटी बनाई है। यह जांच समिति घटना की छानबीन कर कलेक्टर को रिपोर्ट सौंपेगी। दूसरी ओर कांग्रेस ने भी इस मामले को लेकर मंगलवार को एक ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा है। मात्र नौ सालों में बारादरी का एक मामूली टक्कर से गिर जाने को लेकर कई सवाल उठ खड़े हुए है। इसमें निर्माण की गुणवत्ता सहित भ्रष्टाचार को लेकर संबंधित विभाग की कार्यशैली हाशिए पर आ गई है। इस तरह कोरोना कर्फ्यू में अवैध रेत परिवहन पर सवाल खड़े हो गए है। जबकि इस दौरान किसी वाहन को घूमने की इजाजत नहीं है तो रेत का परिवहन किसकी अनुमति से हो रहा था।

कांग्रेस ने ज्ञापन देकर बारादरी की गु्णवत्ता जांचने की मांग की

बारादरी की जांच को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को कलेक्टर संजय कुमार को एक ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा व सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख है कि बारादरी की गुणवत्ता की जांच व निर्माण के दौरान भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की की जाएं। साथ ही दूसरी बारादरी की मजबूती की भी जांच की जाए। अगर वह कमजोर हो तो उसमें पिलर लगाकर मजबूत किया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से उषा नाहर, जिला सहकारी बैंक के पूर्व उपाध्यक्ष प्रदीप गुर्जर, अजय शुक्ला, सुरेश झा, अभिषेक तिवारी, वरिष्ठ नेता मुईन कुरेशी, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस अध्यक्ष जिलेदार गुर्जर, अशोक श्रीवास्तव, सेठी साहू, विक्रम दांगी , विक्रम दांगी टेढ़ोत, रामलाल कुशवाह छिकाऊ, रज्जन खान, फिरोज किलेदार, महेंद्र प्रजापति, सुनील खटीक, दीपक गौतम, संजय राजपूत, तूफान सिंह, सन्मान बुंदेला आदि शामिल रहे।

बारादरी के आसपास जांच करते अधिकारी

कलेक्टर बोले चार सदस्यीय जांच दल करेगा जांच

कलेक्टर संजय कुमार ने बताया कि इस हादसे की जांच के लिए एडीएम एके चांदिल की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है, जो 15 दिनों में इस हादसे की रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेंगी। इस समिति में लोक निर्माण विभाग के दो इंजीनियर तथा राजघाट सिंचाई परियोजना के कार्यपालन इंजीनियर तथा नगर पालिका के सीएमओ को लिया गया है। यह समिति यह भी कि नगर पालिका का जो निर्माण कार्य है, उसमें गुणवत्ता कितनी थी, यदि यह हादसा आम दिनों में कभी हो जाता तो बड़ी संख्या में लोगों की जानें जा सकती थी। मंगलवार को जांच समिति सदस्यों ने बारादरी के आसपास जांच की।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter