सिंधुताई सपकाल के निधन पर राहुल ने जताया दुख, कहा- ‘माई’ के रूप में किया जाएगा याद

नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता सिंधुताई सपकाल के निधन पर बुधवार को दुख जताया और समाज के लिए किए गए उनके कार्यों को याद किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘डॉक्टर सिंधुताई सपकाल के निधन पर मैं दुख व्यक्त करता हूं।

वह उन कई अनाथ लोगों के लिए ‘माई’ के तौर पर याद की जाएंगी जिनकी उन्होंने देखभाल की। आदिवासी समुदायों के अधिकारों और पुनर्वास के लिए किए उनके कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेंगे।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘सामाजिक कार्यकर्ता सिंधुताई सपकाल जी का जीवन सेवा की प्रेरणा के संदेश से भरा हुआ है। सदा प्रेम व अपनापन बरसाने वाली ताई तमाम अनाथ बच्चों का सहारा बनीं। उनके निधन से देश को एक अपूर्णीय क्षति हुई है। विनम्र श्रद्धांजलि।’’

प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता और ‘अनाथ बच्चों की मां’ के तौर पर पहचानी जाने वाली सिंधुताई सपकाल का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

Written & Source By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter