Datia news : दतिया । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ाे न्याय यात्रा के साथ 22 फरवरी को दतिया पहुंचेंगे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के रूट में फिलहाल बदलाव होने की जानकारी मिली है। अब ये यात्रा बुंदेलखंड में होकर गुजरेगी।
सूत्रों के मुताबिक राहुल 21 फरवरी की रात को कानपुर से चलकर उरई के बड़ागांव में रात्रि विश्राम करेंगे। यहां से 22 फरवरी की सुबह यात्रा रवाना होगी। जो झांसी भ्रमण करती हुई उप्र मप्र की सीमा चिरुला पहुंचेगी।
जहां चिरुला बार्डर पर यूपी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, मप्र के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को यात्रा का झंडा सौंपेंगे। इसके बाद राहुल की यात्रा मप्र की सीमा में दाखिल हो जाएगी।

उनके संभावित दतिया दौरे के बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामकिंकर गुर्जर ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता सांसद राहुल गांधी का भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कानपुर से उरई, झांसी होते हुए 22 फरवरी को दतिया आने का कार्यक्रम बन रहा है।
इस दौरान राहुल गांधी सुबह 11 बजे पीतांबरा पीठ पर दर्शन करेंगे। इसके बाद उप्र से मप्र की सीमा में प्रवेश करने पर यात्रा की फ्लेग सेरेमनी होगी। इस दौरान संभवता स्टेडियम में आमसभा का भी आयोजन हो सकता है।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा दतिया शहर में रोड शो के बाद ग्वालियर की ओर रवाना हो जाएगी। यह यात्रा 62 दिन में 6700 किमी की दूरी करने के लिए भारत भ्रमण पर निकली है।