दतिया। जिले भर में भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। बहनों ने शुभ वेला में भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की, वहीं भाइयों ने रक्षा का संकल्प लेते हुए उपहार भेंट किए। ऐतिहासिक पीतांबरा पीठ सहित विभिन्न देवालयों में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। बाजारों में सुबह से लेकर शाम तक मिष्ठान और राखियों की दुकानों पर खरीदारों का तांता लगा रहा।
जेल में भावुक माहौल: 230 बंदियों से मिलीं 575 बहनें : जिला जेल में रक्षाबंधन पर विशेष प्रबंध किए गए थे। जेल अधीक्षक ओपी पांडेय के मुताबिक, दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से सुबह ही बहनें पहुंच गई थीं। व्यवस्थित पंजीयन के बाद 15-15 के जत्थों में बहनों को प्रवेश दिया गया। कुल 575 बहनों ने जेल में बंद 230 भाइयों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और राखी बांधी। इस दौरान कई परिजन भावुक हो उठे।
कलेक्टर ने परिवार संग गरीब बस्ती में बांटी खुशियां : कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने वार्ड 34 स्थित होमगार्ड कॉलोनी के पास इंडस्ट्रियल एरिया की बस्ती में पहुंचकर स्थानीय नागरिकों के बीच रक्षाबंधन मनाया। आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद महिलाओं और बच्चियों ने कलेक्टर, उनकी पत्नी राधिका वानखड़े और पुत्र को रक्षासूत्र बांधा। कलेक्टर ने महिलाओं को साड़ियां, मिठाइयां और उपहार बांटे, साथ ही क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा कर बालिकाओं को नियमित शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
सनकुआं धाम पर वैदिक विधि से श्रावणी उपाकर्म : सेवढ़ा स्थित सनकुआं धाम पर बारिश के बीच 100 से अधिक वैदिक ब्राह्मणों ने विधि-विधान से श्रावणी उपाकर्म और जनेऊ परिवर्तन का संस्कार पूरा किया। धर्म गुरुओं ने इस मौके पर वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार और समाज कल्याण का संकल्प दोहराया।
भांडेर में 22वीं मटकी फोड़ निशानेबाजी स्पर्धा : सागरताल पर आयोजित 22वीं निशानेबाजी प्रतियोगिता में 25 लाइसेंसी बंदूकधारियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। बराना के गिरवर दोहरे ने पहले ही दौर में सटीक निशाना लगाकर ₹5100 का पहला इनाम जीता। वहीं सालोन निवासी शिक्षक रामकुमार कुशवाहा दूसरे चक्र में मटकी फोड़कर ₹3100 के द्वितीय पुरस्कार के हकदार बने। भुजरिया विसर्जन के बीच थाना प्रभारी सपना शर्मा की मौजूदगी में यह आयोजन शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

