पीएम मोदी ने मनाया रक्षाबंधन का त्योहार, स्कूली छात्राओं ने प्रधानमंत्री को बांधी राखी

नई दिल्ली  : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने  7, लोक कल्याण मार्ग पर बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाया। बच्चों ने प्रधानमंत्री को राखी बांधी। प्रधानमंत्री ने बच्चों से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। बच्चों ने चंद्रयान-3 मिशन की हाल की सफलता पर अपनी सकारात्मक भावनाएं साझा की और आगामी आदित्य एल-1 मिशन के प्रति अपना उत्साह व्यक्त किया।

बातचीत के दौरान बच्चों ने कविताएं भी सुनाईं और गाने भी गाए। प्रधानमंत्री ने उनकी अभिव्यक्ति से प्रभावित होकर उन्हें जनता के लाभ के लिए सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर कविताएँ लिखने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भरता का महत्व समझाते हुए बच्चों को मेड इन इंडिया उत्पाद इस्तेमाल करने की सलाह भी दी।

विभिन्न विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ त्योहार में भाग लिया। इस अवसर पर गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि, वृन्दावन की विधवाएँ तथा अन्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

PM ने रक्षा बंधन के विशेष अवसर पर सभी लोगों को बधाई दी : प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने रक्षाबंधन के अवसर पर लोगों को बधाई दी हैं।PM मोदी ने यह भी कामना की कि यह त्योहार हर किसी के जीवन में सौहार्द और सद्धाव भावना को प्रगाढ़ करे।

 

एक  पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा : “मेरे सभी परिवारजनों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं। बहन और भाई के बीच अटूट विश्वास और अगाध प्रेम को समर्पित रक्षाबंधन का ये पावन पर्व, हमारी संस्कृति का पवित्र प्रतिबिंब है। मेरी कामना है, यह पर्व हर किसी के जीवन में स्नेह, सद्भाव और सौहार्द की भावना को और प्रगाढ़ करे।”

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter