अमीरी और गरीबी के बीच खाई को पाटना ही रामराज्य है- उमा भारती, भांडेर जनसभा
दतिया. राम मंदिर का शिलान्यास हो गया। अब वहां मंदिर बनेगा। मैंने भी राममंदिर आंदोलन में भाग लिया। धारा 370 हट गई। मुसलमान भी अब अपने को भारतीय कहने में गर्व महसूस करेगा। अब अगली लड़ाई देश में रामराज्य स्थापित करने की लड़ाई है। अब पेट की लड़ाई है। गरीब आदमी को अब रोटी और रोजी मिले इसकी लड़ाई है। अमीर और गरीब के बीच जो अंतर है उस अंतर को खत्म करने की लड़ाई है। गरीब का बच्चा जब स्कूल में जाता है तो वहां उसे बैठने के लिए फट्टी तक नहीं है। अमीर का बच्चा जब स्कूल में जाता है तो उसका ड्राइवर उसके लिए जूस साथ में लेकर जाता है। गरीब के बच्चे को स्कूल में देने के लिए फीस तक नसीब नहीं है, वहीं अमीर के बच्चे 50 लाख से एक करोड़ की फीस देकर पढ़ाई कर रहे हैं। गरीब लोग जब लॉकडाउन में घर के लिए पैदल चले तो कितने लोग रास्तों में मार गए, लोग ऐसे हांफते थे जैसे पशु हों । लोग मीलों मील पैदल चले। उन्हें जिस प्रकार उनके घर पहुंचाया गया उसमें मानवीय संवेदना मानो मर सी गई । लोग रेल की पटरियों पर चले, कटे और उसी लॉकडाउन के दौरान अमीरों के कुत्ते भी हवाई जहाज से भेजे गए । अमीर और गरीब के बीच जो अंतर है उसीको पाटना ही रामराज्य है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मंगलवार को भांडेर में पटेल चौराहे पर स्थित स्टेट बैंक के पास भाजपा प्रत्याशी रक्षा संतराम सिरौनिया के समर्थन में आयोजित युवा मोर्चा सम्मेलन के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही।

भांडेर में साध्वी उमा भारती का कार्यक्रम दोपहर दो बजे तय था। लेकिन वे कार्यक्रम स्थल पर लगभग डेढ़ घंटे विलंब से पहुंची। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने अपना भाषण शुरू कर दिया। उन्होंने मंच से कहा कि चूंकि एक घंटा ओरछा में विलंब हुआ तथा आगे अन्य सभाओं को संबोधित करना है। लिहाजा समय का अभाव है। मैं मंच पर मौजूद लोगों का अभिवादन भी नहीं कर पाई । इसलिए सभी से क्षमाप्रार्थी हूं। उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर कहाकि वे ऐसी दादी के पोते हैं जिन्हांेंने लोकतंत्र की लड़ाई लड़ी थी। राजमाता ने कभी अन्याय के सामने घुटने नहीं टेके।

कांग्रेस की सरकार उन्हीं लोगों ने गिराई है

उमा भारती ने कमल नाथ व दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहाकि कांग्रेस की सरकार उन्हीं के लोगों ने गिराई है। भाजपा ने नहीं गिराई। इसमें तो कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की भूमिका थी। जिस नौजवान के चलते ग्वालियर-चम्बल संभाग में भाजपा का सफाया हो गया उसको कांग्रेस ने सम्मानित करने की बजाय अपमानित किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को बंटाधार सिंह कहते हुए कहा कि जनता ने भोले नाथ की तरह मुझे झोली भरकर आशीर्वाद दिया और उसके बाद बंटा धार सिंह का अब तक बंटाधार ही होता आ रहा है।

जब तक मोदी हैं देश की अस्मिता सुरिक्षत

मंच से उद्बोधन के दौरान उमा भारती ने प्रधानमंत्री की तारीफ की । उन्होंने कहाकि जब तक मोदी प्रधानमंत्री हैं तब तक देश की अस्मिता सुरिक्षत है। मुख्यमंत्री पद बीच में ही छोड़ने को लेकर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उन्हें किसी ने हटाया नहीं, उन्होंने खुद मुख्यमंत्री पद छोड़ा था। मैं देखना चाहती थी कि तपस्या से प्राप्त सरकार कैसे आगे चलती है। लेकिन मैंने देखा कि सरकार खूब चली। शिवराज में बहुत संयम और धैर्य है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter