राजा राममोहन राय के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका का आयोजन सेंट्रल विस्टा में 6 नवंबर तक

नई दिल्ली  : आधुनिक भारतीय समाज के जनक राजा राममोहन राय के जीवन पर आधारित एक नृत्य-नाटिका कर्तव्य पथ और इंडिया गेट (सेंट्रल विस्टा) में पांच और छह नवंबर की संध्या को आयोजित की जायेगी। कार्यक्रम ‘युगपुरुष राजा राम मोहन राय’ की विषयवस्तु ‘नारी सम्मान’ है, जिसका आयोजन राजा राममोहन राय पुस्तकालय प्रतिष्ठान कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने आजादी के अमृत महोत्सव के क्रम में वर्ष भर चलने वाला उक्त समारोह राजा राममोहन राय की 250वीं जयंती के अवसर पर 22 मई, 2022 को आरंभ किया था।

यह श्रव्य-दृश्य प्रस्तुतिकरण एक अभियान का भी हिस्सा है, जिसके अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हर सप्ताह सेंट्रल विस्टा में किया जायेगा। नृत्य-नाटिका का निर्देशन जाने-माने कोरियोग्राफर निलय सेनगुप्ता कर रहे हैं और इसमें 40 कलाकार शामिल हैं।

राजा राममोहन राय के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका दर्शकों को उनके महान कृत्यों, उच्च आदर्शों और उनके जीवन-दर्शन को बहुत करीब से परिचित करायेगी। प्रदर्शन सायं छह बजे आरंभ होगा तथा प्रवेश सभी लोगों के लिये पूरी तरह निशुल्क है।

राजा राममोहन राय 22 मई, 1772 को राधानगर, बंगाल में पैदा हुये थे। उन्होंने भारत के धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक सुधारों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई थी। वे ब्रह्म-समाज के संस्थापक थे और उन्होंने हमेशा आधुनिक व वैज्ञानिक सोच-समझ को प्रोत्साहित किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!