रंगबाजी पड़ी महंगी : फेसबुक पर कट्टे के साथ युवक ने वीडियो बनाकर डाला, पुलिस पकड़कर ले गई

Datia News : दतिया। अवैध देशी कट्टे के साथ अपना वीडियो फेसबुक पर डालना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने इस वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच की और अवैध हथियार रखने के आरोप में उक्त युवक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक इंदरगढ़ नगर के सीम्मा पुत्र बलराम केवट निवासी वार्ड क्रमांक 11 ने अवैध कट्टे के साथ फिल्मी स्टाइल में एक वीडियो फेसबुक पर अपलोड किया था।

इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस के पास शिकायतें पहुंचने लगी। जिसके बाद हरकत में आई इंदरगढ़ पुलिस ने वीडियो की पड़ताल की और छानबीन के बाद उक्त युवक की तलाश कर ली।

  पुलिस ने मंगलवार देर शाम ग्वालियर रोड पर कट्टा लगाकर घूम रहे युवक को मौके पर पहुंचकर गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का कट्टा एवं एक जिंदा राउंड भी बरामद हुआ है।

पुलिस पूछतांछ में आरोपित युवक ने फेसबुक पर वीडियो डालना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी परमानंद शर्मा, प्रधान आरक्षक बृजराजसिंह तोमर, संतोष कुशवाह, बृजमोहन, रामनिवास की भूमिका रही।

डीपार पुलिस ने पकड़े 2 स्थाई वारंटी

वहीं सेवढ़ा अनुभाग में पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान गत दिवस डीपार पुलिस ने स्थाई वारंटी केशव जाटव पुत्र कामता प्रसाद निवासी ग्राम ग्यारा एवं शिवसिह सोलंकी पुत्र हुकमसिंह निवासी ग्राम मेवली थाना डीपार को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी डीपार वैभव गुप्ता, उनि. मुरारी शर्मा, नरेश कुशवाह, मुनेश कुमार एवं लायकराम की भूमिका रही।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!