भोपाल में फिरौती गैंग का भंडाफोड़ : SIT–STF की कार्रवाई में मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

भोपाल :  मध्यप्रदेश पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल में सक्रिय एक फिरौती गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त अभियान में विशेष अनुसंधान दल (SIT) और विशेष कार्य बल (STF) ने गिरोह के मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह व्हाट्सएप कॉल के जरिए लोगों को धमकाकर फिरौती मांगता था। आरोपी पहले पीड़ित के घर की गुप्त रूप से रेकी कर वीडियो बनाते थे और फिर उसी वीडियो के आधार पर डर का माहौल बनाकर पैसे की मांग करते थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इसी क्रम में 16 अप्रैल को एक आरोपी को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। इसके बाद मुख्य साजिशकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार होने की तैयारी में था।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह को संचालन के लिए बाहरी राज्यों से आर्थिक और लॉजिस्टिक सहायता मिल रही थी। एक अन्य आरोपी, जो इस नेटवर्क को संसाधन उपलब्ध कराता था, उसे भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों के बारे में अहम जानकारी मिलने की संभावना है।

यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अंजाम दी गई, जिसमें पुलिस टीम ने तकनीक और सतर्क निगरानी के जरिए तेजी से सफलता हासिल की।

मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में संगठित अपराधों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन की सुरक्षा और विश्वास बना रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter