हाइवे के ढावे पर ताबड़तोड़ फायरिंग : खाना खा रहे आधा दर्जन लोगों को लगी गोलियां, गंभीर हालत में रेफर

Datia news  : दतिया । हाइवे रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पठान ढाबे पर खाना खा रहे आधा दर्जन लोगों पर अज्ञात लोगों ने हमलाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना बुधवार रात करीब 11 बजे के आसपास घटित हुई। जानकारी के अनुसार ग्वालियर झांसी नेशनल हाईवे पर स्थित पठान ढाबा पर ऋषभ चंचोलिया, पुष्पेंद्र वर्मा, शेखू, विपिन साहू, राधे यादव, जय प्रताप खाना खा रहे थे।

इसी बीच कुछ लोग वहां आ धमके। जहां इन लोगों से मुंहवाद के बाद उक्त लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से ऋषभ चंचोलिया, पुष्पेंद्र वर्मा और शेखू गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिन्हें उपचार के लिए दतिया से रेफर किया गया। जबकि विपिन साहू, राधे यादव,जय प्रताप का दतिया अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामला बड़ौनी थाना क्षेत्र का बताया जाता है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार उक्त घायल भदौरिया की खिड़की और पट्ठापुरा क्षेत्र के निवासी बताए जाते हैं। हाइवे पर गोलीबारी की इस घटना के बाद दहशत फैल गई। ढावे पर मौजूद अन्य लोगों में अफरा तफरी मच गई। वह अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागते नजर आए। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।

आपसी संघर्ष का भी शक : वहीं इस मामले में शंका जताई जा रही है कि ढावे पर खाना खाते वक्त उक्त लोगों में ही संघर्ष शायद हो गया। जिसमें हुई गोलीबारी में उक्त युवक घायल हो गए।

पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच पड़ताल कर रही है। वहीं इस घटना के बाद हाइवे क्षेत्र में बने ढावे होटलों पर रात्रि में पुलिस निगरानी आवश्यक मानी जाने लगी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter