नगर पालिका ने स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत छह श्रेणियों में दिए पुरस्कार
दतिया । नगर पालिका दतिया में स्वच्छता सर्वेक्षण 2020-21 के लिए विभिन्न छह श्रेणियों में विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। इस दौरान शहर के नागरिकों से शहर को साफ रखने का आह्वान भी किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएमओ अनिल कुमार दुबे, पूर्व पार्षद प्रशांत ढेंगला तथा स्वच्छता निरीक्षक अनुपम पाठक मौजूद रहे । इस अवसर सफाई के लिए जागरूकता लाने और शहर के स्वच्छता में नंबर 1 लाने का भी संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमओ अनिल कुमार दुबे ने कहाकि हमारा पहला कर्तव्य की दतिया शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। इसके लिए नगर पालिका सहित लोगों की भागीदारी भी जरुरी है। पूर्व पार्षद प्रशांत ढेंगुला ने कहाकि सब मिलकर जागरुकता लाकर नगर पालिका का सहयोग करें और इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में हमें बेहतर से बेहतर स्थिति प्राप्त करनी है। स्वच्छता निरीक्षक अनुपम पाठक ने ट्रेंचिंग ग्राउंड पर होने वाले बदलाव के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि किस तरह शहर को साफ रखा जा सकता है। फेसबुक पर स्वच्छ दतिया पेज को लाइक करें और उसमें अपने सुझाव भी दें।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2020-21 के तहत निबंध प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की गई थी। इसके अलावा सबसे स्वच्छ होटल, सबसे स्वच्छ विद्यालय, सबसे स्वच्छ सरकारी कार्यालय, सबसे साफ बाजार और सफाई के प्रति जागरुक रहने वाले नागरिकों के साथ ही सबसे स्वच्छ दुकान आदि को भी इस कार्यक्रम में सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। विजेताओं को सर्टिफिकेट, शील्ड एवं पुरस्कार सीएमओ अनिल दुबे ने वितरित किए । कार्यक्रम का संचालन नीति श्रीवास्तव सहायक स्वच्छता पर्यवेक्षक ने किया।
विजेताओं को बांटे पुरुस्कार
जिम्मेदार नागरिक में प्रथम पुरस्कार राजू त्यागी, निधि तिवारी द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार कृपाल जयसवानी को दिया गया। स्वच्छ वार्ड के रूप में वार्ड क्रमांक 25, 17 तथा 15 का चयन किया गया। इसी तरह सबसे स्वच्छ होटल का पुरुस्कार रतन रॉयल इन को प्रथम, होटल तान्या को द्वितीय तथा दतिया मोटल को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। सबसे स्वच्छ हॉस्पिटल के लिए जिला चिकित्सालय प्रथम, बुंदेलखंड हॉस्पिटल द्वितीय पुरस्कार दिया गया। इसी तरह स्वच्छ विद्यालय के लिए प्रथम पुरस्कार केंद्रीय विद्यालय, द्वितीय पुरस्कार होलीक्रॉस स्कूल तथा तृतीय पुरस्कार रानी लक्ष्मीबाई पब्लिक स्कूल को दिया गया। स्वच्छ दुकानों के रूप में 5 दुकानें चिन्हित की गई उनमें श्रीगारमेंट्स, पटवा जी की दुकान, सद्गुरु मोबाइल, बड़ेरिया जी की दुकान ने पुरस्कार प्राप्त किए। निबंध व पेंटिंग प्रतियोगिता में भी प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार दिए गए।

