प्रदेश की तुलना में दतिया में कोरोना संक्रमण की दर हुई कम
Hospitals and pathology centers will not be able to take more than the prescribed fee for the test of Kovid-19

दतिया. पूरे मध्यप्रदेश की तुलना में दतिया जिले में जहां संक्रमण की दर तुलनात्मक रूप से कम हुई है, वहीं कुल पॉजिटिव और कोरोना संक्रमित के लिए बिस्तर की उपलब्धता भी तुलनात्मक रूप से जिले में ठीक है। प्रदेश की तुलना दतिया में पॉजिटिव केस 2.95 फीसद है तो दतिया में 1.45 फीसद है। इसी तरह कम्युनिटी स्प्रेड पॉजिटिव दर जो प्रदेश भर में 5.6 फीसद तो दतिया शहर में 4.3 फीसद है।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश भर में यूं तो सभी जगह कोरोना का संक्रमण तेजी से घटा है, किंतु उसकी तुलना में दतिया में पिछले 7 दिनों का रिकॉर्ड देखें तो कई मामलों में दतिया प्रदेश में सबसे बेहतर स्थिति में हैं। यहां पर ठीक होने वाले रोगी, सैंपलिंग और पॉजिटिव रेट में भी सुधार हुआ है।

प्रदेश भर में फीवर क्लीनिक जो 711 की संख्या में हैं, वहीं दतिया में मात्र 10 फीवर क्लीनिक कार्य कर रहे हैं । इसी तरह प्रदेश भर में ””रेट’ के माध्यम से जो सैंपलिंग की जा रही है उसमें 43,0552 तक सैंपलिंग की गई है, जबकि दतिया में 2995 सैंपलिंग प्रति सप्ताह जा रही है। पिछले 7 दिनों में पॉजिटिव केस पर नजर डालें तो 0.5 फीसद प्रदेश में औसत संक्रमण है। जबकि दतिया में 0.4 फीसद ही संक्रमण है। इसी तरह पॉजिटिव रेट प्रति एक सप्ताह में प्रदेश का आंकड़ा जहां 2.95 फीसद है वहीं दतिया में इस आंकड़े का आधे से भी कम यानी 1.45 फीसद आंका गया है। इसी तरह सामुदायिक संक्रमण का प्रदेशभर में 5.6 फीसद आंकड़ा आता है जबकि सामुदायिक संक्रमण की स्थिति दतिया जिले में 4.3 फीसद ही है। प्रदेश की तुलना में दतिया की स्थिति काफी शुभ संकेत देती है। इसके चलते अब जहां भांडेर विधानसभा उपचुनाव में डॉक्टर की ड्यूटी निर्भीक रूप से लगाई जा रही है, वहीं पैरामेडिकल स्टाफ को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। स्वास्थ्य विभाग का मानना था कि यह संक्रमण नवरात्रि और दशहरे के बाद तेजी से फैल जाएगा। इसे लेकर जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट, बिस्तरों के विस्तार किए जाने संबंधी योजनाओं को भी क्रियान्वित किया गया था।

सामुदायिक संक्रमण के मामले में भी दतिया बेहतर

सामुदायिक संक्रमण और अन्य प्रतिदिन निकलने वाले पॉजिटिव कोरोना मरीजों के आंकड़ों पर नजर उठाकर देखें तो प्रदेश की जो स्थिति आती है उससे बहुत बेहतर दतिया जिला है। इस कारण डॉक्टरों ने भी राहत की सांस ली है। प्रदेश में जहां सामुदायिक संक्रमण की स्थिति 6.33 फीसद है वहीं दतिया में सामुदायिक संक्रमण 5.16 प्रतिशत है। जो पिछले दिनों 5.37 प्रतिशत था । यह संक्रमण भी 0.50 फीसद घटा है। इसी तरह जिले में सामूहिक संक्रमण भी कम हुआ है। प्रतिदिन कोरोना पॉजिटिव मरीजों की निकलने वाले की संख्या देखी जाए तो प्रदेश भर में 2.2 प्रतिशत है जबकि दतिया में 1.4 प्रतिशत ही है। दतिया जिला यहां पर भी प्रदेश की तुलना में बेहतर है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter