अफगानिस्तान से कच्चा माल, पंजाब से केमिकल और फिर बटला हाउस में तैयार होता था ड्रग्स

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अफगानियों सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपित बटला हाउस इलाके में हेरोइन बनाने की फैक्ट्री चला रहे थे। स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुमार कुशवाह ने बताया कि दो मई को सूचना के आधार पर सबसे पहले अल्ताफ को अशोका रोड से गिरफ्तार किया गया था। मूलरूप से श्रीनगर के रहने वाले अल्ताफ के कब्जे से साढ़े तीन किलो हेरोइन बरामद की गई थी। अल्ताफ की निशानदेही पर इसके सहयोगी आबिद हुसैन को विनोबा पुरी इलाके के एक घर से पकड़ा गया। उसके पास से 12 किलो हेरोइन बरामद की गई। आबिद भी श्रीनगर का रहने वाला है। ऐसे आता था कच्चा माल पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि हेरोइन बनाने के लिए कच्चा माल अफगानिस्तान से हाजी और कासिम नामक के शख्स भेजते हैं।

इसके बाद अमृतसर का लक्खा हेरोइन तैयार करने वाले केमिकल भेजता है, इनकी मदद से हेरोइन तैयार की जाती है। फैक्ट्री का भंडाफोड़ जांच के दौरान जाकिर नगर में रह रहे अफगानी नागरिक हशमत मोहम्मदी का नाम सामने आया। पुलिस ने गुरुवार को उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी स्कूटी से पांच किलो हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में हशमत ने बताया कि कच्चे माल को बटला हाउस इलाके में संचलित एक फैक्ट्री में बनाया जाता है।

पुलिस टीम ने गुरुवार को बटला हाउस में छापेमारी कर वहां से 29.5 किलो हेरोइन बरामद की। जांच में पता चला कि पहले से ही जेल में बंद तिफाल नौखेज उर्फ टिफली की यह फैक्ट्री है। पुलिस ने आरोपित को जेल से ही गिरफ्तार किया। इससे पूछताछ के बाद पुलिस ने वजीराबाद इलाके से अब्दुल्लाह नजीबुल्लाह को 3.2 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।

फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि यह कारोबार कब से चल रहा था। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपित किन लोगों को हेरोइन की खेप पहुंचाते थे।

ये हुए गिरफ्तार पुलिस ने श्रीनगर, कश्मीर के अल्ताफ व आबिद हुसैन, काबुल, अफगानिस्तान के निवासी, हशमत मोहम्मदी और तिफाल नौखेज और बल्लीमारान, पुरानी दिल्ली के निवासी अब्दुल्लाह नजीबुल्लाह को गिरफ्तार किया है। 54.2 किलो हेरोइन बरामद पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 54.2 किलो हेरोइन बरामद की है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!