लाल किला हिंसा : दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने आरोपी लक्खा सिधाना से की करीब 4 घंटे पूछताछ

नई दिल्ली : दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकालने की आड़ में 26 जनवरी को उपद्रव किए जाने के मामले में पंजाब के गैंगस्टर लक्खा सिधाना से गुरुवार को यहां क्राइम ब्रांच ने चार घंटे तक पूछताछ की। यहां प्रशांत विहार स्थित कार्यालय में उससे पूछताछ की गई।

दिल्ली की एक निचली अदालत से गिरफ्तारी को लेकर अंतरिम राहत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच के नोटिस पर लक्खा पहली बार जांच में शामिल हुआ। उसकी गिरफ्तारी पर 16 जुलाई तक रोक लगी है। लक्खा से घटना को लेकर 50 से अधिक सवाल पूछे गए।

जांच में शामिल होने से पहले लक्खा गुरुद्वारा गया और वहां मत्था टेका उसके बाद जांच में शामिल हुआ। पुलिस अधिकारी का कहना है कि जरूरत पड़ने पर उससे दोबारा पूछताछ की जाएगी।

लाल किला उपद्रव मामले में उस पर दिल्ली पुलिस ने एक लाख का इनाम रखा है। फरार रहते हुए वह बार-बार इंटरनेट मीडिया पर वीडियो अपलोड कर दिल्ली पुलिस को चुनौती दे रहा था।

पंजाब के रहने वाले अन्य आरोपितों को भी वह दिल्ली पुलिस के खिलाफ भड़का रहा था। लक्खा पर पंजाब में 24 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

इनमें हत्या, लूटपाट, अपहरण, आर्म्स एक्ट जैसे मामले शामिल हैं। इनमें कुछ मामलों में वह कई साल तक सजा भी काट चुका है। ज्यादातर मामलों में गवाह व सुबूत न मिलने के कारण वह बरी भी हो चुका है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter