भांडेर अनुभाग के थाना प्रभारी रहे मौजूद
दतिया । पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने दतिया पुलिस कंट्रोल रूम में भांडेर अनुभाग के थाना प्रभरियों की क्राइम मीटिंग बुधवार को आयोजित की । मीटिंग में एसडीओपी भांडेर मोहित यादव, डीएसपी एजेके, भांडेर थाना प्रभारी विजय लोधी, गोंदन थाना प्रभारी रमेश जाट, पंडोखर थाना प्रभारी यादवेंद्र सिंह गुर्जर सहित अनुभाग के अन्य थाना प्रभारी उपस्थित रहे। मीटिंग के दौरान कई निर्देश जारी किए गए। एसपी ने निर्देशों के पालन में कोताही न बरतने की हिदायत दी।
एसपी राठौड ने कहाकि महिला संबंधी लंबित अपराधों का दो माह की समय अवधि में विधिक निराकरण किया जाए। अजा व अजजा के विरुद्ध घटित अपराधों का निराकरण समय पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का संतुष्टि पूर्ण निराकरण किया जाना चाहिए। ्उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को बताया कि गुम बालक तथा बालिकाओं की खोज के लिए सार्थक प्रयास कर उनकी बरामदगी करना है।
क्राइम बैठक में कहा गया कि अवैध शराब के उत्पादन, विक्रय, परिवहन करने वालो के विरुद्ध सख्ती से वैधानिक कार्रवाई की जाए। भू-माफिया और खाद्य माफिया के विरुद्ध अभियान के तहत जल्दी और सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ितों को समय पर मदद मिल सके।
उन्होंने सायबर संबंधी वित्तीय फ्रॉड की शिकायतों का निराकरण कर फरियादियों के पैसे वापिस दिलाए जाने के मामले में भी पुलिस को कहाकि इसमें रूचि लेकर समय पर कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को उनका पैसा दिलाया जाए। इसके अलावा अवैध रेत खनन रोकने के लिए शासन द्वारा स्थापित किए गए नाकों पर समन्वय स्थापित कर पुलिस सहायता प्रशासन न अन्य विभाग को उपलब्ध कराई जानी चाहिए। बैठक में उपस्थित सभी पुलिस के थाना प्रभारियों और अधिकारियों ने एसपी के निर्देशों के त्वरित रूप से पालन पर सहमति व्यक्त करते हुए आ्श्वस्त किया कि सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा।
