सहाकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी खाद संबंधी समस्याओं का करें समाधान : CM ने बैठक बुला कर दी हिदायत

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सभी जिलों में किसानों के लिए पर्याप्त खाद की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस बारे में पहले भी निर्देश दिए गए हैं। फिर भी कहीं कहीं से प्राप्त हो रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए। आज पन्ना भ्रमण में भी मुख्यमंत्री को कुछ वितरण केंद्रों के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई, जिसे लेकर उन्होंने अप्रसन्न्ता व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध और समाधान की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने आज पन्ना जिले के दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री निवास में सहकारिता मंत्री  अरविंद सिंह भदौरिया के साथ प्रमुख सचिव सहकारिता, आयुक्त सहकारिता और प्रबंध संचालक मार्कफेड के साथ प्रदेश में खाद व्यवस्था के बारे में चर्चा कर व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरस्त रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने खाद की उपलब्धता के साथ सुचारू वितरण व्यवस्था के निर्देश दिए।

मंत्रीगण से किया वर्चुअल संवाद : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान के सकारात्मक परिणाम आए हैं। विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के लिए अब तक लगभग 88 लाख पात्र हितग्राहियों को चिन्हित किया गया है। योजनाओं में शत-प्रतिशत सेचुरेशन के लिए कुछ समय बाद घर-घर संपर्क का अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में शासकीय मशीनरी के साथ जन-प्रतिनिधि भी सक्रिय रूप से भाग लें। मुख्यमंत्री  मंत्रि-परिषद के सदस्यों, से मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम श्रंखला में संचालित होने वाली गतिविधियों के संबंध में निवास कार्यालय से वर्चुअली संवाद कर रहे थे।

मुख्यमंत्रीने कहा कि मंत्रीगण अपने प्रभार के जिलों में स्थापना दिवस से संबंधित गतिविधियों में जन-भागीदारी को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करें और 7 नवम्बर को होने वाले जिला-स्तरीय कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह और आनंद के साथ किए जाएं। मुख्यमंत्री  ने जिलों में उर्वरक वितरण व्यवस्था की सतत् समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!