कानपुर | कानपुर स्थित आयुध कारखाने में काम कर रहे 423 संविदा कर्मचारियों से जुड़े वेतन विवाद का समाधान हो गया है। क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय), कानपुर के हस्तक्षेप और लगातार की गई सुलह प्रक्रिया के बाद कर्मचारियों को जून और जुलाई 2026 का लंबित वेतन भुगतान किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड (AWEIL) के अधीन संचालित आयुध कारखाने में संविदा श्रमिकों का वेतन कुछ समय से लंबित था। इसको लेकर कर्मचारियों में नाराजगी थी और विवाद बढ़ने की स्थिति में हड़ताल या प्रदर्शन की संभावना भी बन रही थी।
423 कर्मचारियों को मिला करीब 50 लाख रुपये का भुगतान : श्रम विभाग की सुलह प्रक्रिया के बाद ठेकेदार मेसर्स इमेंस मैनपावर प्राइवेट लिमिटेड ने 13 अगस्त 2026 को 423 श्रमिकों के जून और जुलाई महीने के बकाया वेतन के तौर पर करीब 50 लाख रुपये का भुगतान किया।
इसके साथ ही मई 2026 से संबंधित ठेकेदार का लंबित बिल भी प्रधान नियोक्ता की ओर से जारी कर दिया गया। इससे कर्मचारियों के लंबित भुगतान को पूरा करने का रास्ता साफ हुआ।
टला हड़ताल और प्रदर्शन का संकट : वेतन विवाद को लेकर श्रमिकों के एक समूह द्वारा हड़ताल और प्रदर्शन की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, समय रहते श्रम विभाग की ओर से हस्तक्षेप किए जाने और दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकालने के बाद यह स्थिति टल गई।
सुलह बैठक के दौरान प्रबंधन को कर्मचारियों के हित, सेवा शर्तों और श्रम कानूनों के तहत निर्धारित जिम्मेदारियों का पालन करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
प्रबंधन ने कर्मचारियों के कल्याण और वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन को लेकर अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखने का आश्वासन दिया। श्रम विभाग ने भी औद्योगिक शांति बनाए रखने और कर्मचारियों को उनके वैधानिक अधिकार समय पर दिलाने की दिशा में संवाद जारी रखने पर जोर दिया।

