5वीं-8वीं पुन: परीक्षा का रिजल्ट घोषित : 5वीं में 80% से ज्यादा और 8वीं में 74% विद्यार्थी पास, कुल परीक्षा परिणाम 98% के पार

भोपाल | मध्यप्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 5वीं और 8वीं की पुन: परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। पुन: परीक्षा में कक्षा 5वीं का परीक्षा परिणाम 80.42 प्रतिशत और कक्षा 8वीं का परीक्षा परिणाम 74.16 प्रतिशत रहा। मुख्य परीक्षा और पुन: परीक्षा के परिणामों को मिलाकर इस वर्ष कक्षा 5वीं का कुल परीक्षा परिणाम 98.89 प्रतिशत तथा कक्षा 8वीं का 98.19 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

ऑनलाइन देख सकते हैं परिणाम : राज्य शिक्षा केंद्र के अनुसार विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक परीक्षा पोर्टल पर रोल नंबर दर्ज कर अपना परिणाम देख सकते हैं। स्कूलों के संस्था प्रमुख भी पोर्टल पर अपनी शाला का विद्यार्थीवार रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं।

जून में हुई थी पुन: परीक्षा : राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा 16 से 23 जून 2026 के बीच प्रदेशभर में पुन: परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें शासकीय, अशासकीय विद्यालयों और पंजीकृत मदरसों के कक्षा 5वीं के 71,548 तथा कक्षा 8वीं के 76,274 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रदेशभर में 322 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे, जहां 17 हजार से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं ने ऑनलाइन अंक दर्ज किए।

शासकीय और निजी स्कूलों का प्रदर्शन

कक्षा 5वीं

  • शासकीय विद्यालय: 46,665 में से 36,217 विद्यार्थी उत्तीर्ण।
  • अशासकीय विद्यालय: 24,302 में से 20,971 विद्यार्थी पास।
  • मदरसे: 581 में से 352 विद्यार्थी सफल।

कक्षा 8वीं

  • शासकीय विद्यालय: 56,738 में से 40,315 विद्यार्थी उत्तीर्ण।
  • अशासकीय विद्यालय: 19,113 में से 15,978 विद्यार्थी पास।
  • मदरसे: 423 में से 268 विद्यार्थी सफल।

98 प्रतिशत से अधिक रहा कुल परीक्षा परिणाम : राज्य शिक्षा केंद्र का कहना है कि मुख्य वार्षिक परीक्षा और पुन: परीक्षा के संयुक्त परिणाम के बाद इस वर्ष अधिकांश विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। विभाग के अनुसार पुन: परीक्षा का उद्देश्य उन विद्यार्थियों को एक और अवसर देना था, जो मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण नहीं हो सके थे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter