दतिया। साधु के वेष में घूम रहे इनामी वारंटी को बसई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को देखकर आरोपित ने भागने की कोशिश भी की लेकिन उसे पकड़ लिया गया। जानकारी के अनुसार बसई थाने में दर्ज मामले में आरोपित खुमान सिंह कई दिनों से फरार था। जिसकी पुलिस को तलाश थी। आरोपित के फरार होने पर उसके विरुद्ध वारंट जारी किया गया था। साथ ही उस पर 3 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गत दिवस बसई थाना प्रभारी रामसेवक शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित खुमान सिंह पुलिस की नजर से बचने के लिए साधु के वेश में फरारी काट रहा है।
इस सूचना पर पुलिस ने गांव में भैंस चरा रहे खुमान सिंह को साधु के वेश में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी ने पुलिस को चकमा देने के लिए अपने बाल और दाढ़ी बढ़ा ली थी और साधु बनकर घूम रहा था। जिसके बारे में शंका होने पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और आरोपित को पकड़ लिया गया।

