ईरिक्शा चालक को पड़ौसी युवक ने मारा चाकू : घर के बाहर वाहन खड़े कर देने पर हुआ था विवाद

Datia news : दतिया। घर के बाहर वाहन खड़ा कर देना एक पड़ौसी को इतना बुरा लगा कि उसने गुस्से में वाहन चालक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक के हाथ में गंभीर चोट आई। जिसे अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराना पड़ा। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

दीपावली के मौके पर अपने प्लाट पर कन्या भोज करा रहे युवक के ऊपर आपसी विवाद के दौरान कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना इंदरगढ़ थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर भडौल निवासी रामप्रवेश जाटव इंदरगढ़ में राजा का बाग स्थित अपने प्लाट पर कन्या भोज करा रहा था। इस दौरान रामप्रवेश ने अपना इलेक्ट्रिक वाहन पड़ौसी के घर के पास खड़ा कर दिया था। इस बात को लेकर राजेश रजक और अन्य तीन लोगों ने रामप्रवेश से कहासुनी कर दी।

इस दौरान गुस्से में आए उक्त लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपितों ने युवक के साथ मारपीट भी की। हंगामा सुन आसपास के लोग जब बीच बचाव के लिए दौड़े तो आरोपित मौके से भाग निकले। इसके बाद मौजूद लोगों ने खून से लथपथ पड़े घायल को इंदरगढ़ अस्पताल उपचार के लिए पहुंचाया।

जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मामले में थाना प्रभारी उपेंद्र दुबे ने बताया कि घटना के संबंध में जांच की जा रही है। जल्दी ही आरोपित भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

इधर कन्या भोज के दौरान हुए इस हादसे के बाद वहां बैठी छोटी-छोटी बच्चियां भी दहशत में आ गई। जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter