सड़क हादसा : कार-ट्रक टक्कर में महिला की मौत ; 2 साल की बच्ची सहित 5 घायल, टक्कर के बाद कार घिसटकर बिजली पोल से टकराई !

दतिया : भांडेर-दतिया मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय बच्ची समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दुरसड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीकर ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने हुआ, जहां एक कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के साथ करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई और अंत में सड़क किनारे लगे सीमेंट के बिजली पोल से जा टकराई। टक्कर के चलते कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बिजली पोल भी टूट गया, जिससे इलाके की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई।

घायलों को निकालने में जुटे स्थानीय लोग : हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया, लेकिन पोल में करंट होने के खतरे को देखते हुए पहले बिजली सप्लाई बंद कराई गई। इसके बाद क्षतिग्रस्त कार के दरवाजे और शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया।

सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल दतिया भेजा गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया।

इलाज के लिए जा रहे थे ग्वालियर : प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग एक बीमार महिला को इलाज के लिए ग्वालियर ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। घायलों में झांसी जिले के टहरौली क्षेत्र निवासी राजीव यादव भी शामिल बताए जा रहे हैं।

सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा : स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के मुताबिक, पूरी घटना पंचायत कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में कार को गलत दिशा से आते हुए देखा गया, जिसके बाद ट्रक से सीधी टक्कर हो गई।

पुलिस जांच में जुटी : दुरसड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को उजागर करता है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter