“दतिया में फिर मजबूत होगा भाईचारा” – घनश्याम सिंह; कांग्रेस का निकला विशाल जुलूस, आमसभा में भाजपा सरकार पर साधा निशाना !

दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव के नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को कांग्रेस ने प्रत्याशी घनश्याम सिंह के समर्थन में विशाल नामांकन रैली और आमसभा आयोजित कर चुनावी अभियान का आगाज़ किया। रिंग रोड स्थित भैरव मंदिर परिसर में आयोजित सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, विधायक फूल सिंह बरैया सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। 

दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर बोला हमला : सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े संगठनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में चंदा जुटाने के नाम पर भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह सरल और अनुभवी नेता हैं तथा जनता उन्हें भारी मतों से विजयी बनाए।

जीतू पटवारी बोले- दतिया में ही डेरा डालूंगा : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया उपचुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए वे चुनाव तक दतिया में लगातार सक्रिय रहेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनाव प्रचार करेंगे।

वरिष्ठ नेताओं ने सरकार को घेरा : मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कई राष्ट्रीय मुद्दों को उठाया। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार किसानों और युवाओं के हितों की अनदेखी कर रही है।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने दतिया उपचुनाव को वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल बताते हुए इसे कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक मुकाबला बताया। विधायक फूल सिंह बरैया ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

घनश्याम सिंह बोले- दतिया में फिर मजबूत होगा भाईचारा : कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दतिया हमेशा आपसी सौहार्द और भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता का आशीर्वाद मिलने पर वे क्षेत्र में विकास के साथ सामाजिक सौहार्द को भी और मजबूत करने का प्रयास करेंगे।

नामांकन के बाद शहर में निकला रोड शो : आमसभा के बाद घनश्याम सिंह समर्थकों के साथ रिंग रोड से शहर के प्रमुख बाजारों तक जुलूस के रूप में पहुंचे। विभिन्न मार्गों पर उन्होंने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से जनसंपर्क कर समर्थन मांगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल रहे।

दतिया उपचुनाव में तेज हुई चुनावी सरगर्मियां : दतिया विधानसभा उपचुनाव में अब चुनावी तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी ने आशुतोष तिवारी, कांग्रेस ने घनश्याम सिंह और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने दामोदर यादव को मैदान में उतारा है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही तीनों प्रमुख दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है और अब जिले में चुनावी गतिविधियां निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुकी हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter