दतिया | दुरसड़ा थाना क्षेत्र के कुआखेड़ा गांव में 57 वर्षीय किसान कोमल पाल की हत्या के बाद बुधवार को मामला गरमा गया। मृतक के परिजनों ने हत्या में गोली चलाए जाने की आशंका जताते हुए दतिया के सिविल लाइन रोड स्थित बुंदेला कॉलोनी तिराहे पर शव रखकर करीब 20 मिनट तक प्रदर्शन और चक्काजाम किया। परिजनों का आरोप था कि किसान के शरीर पर कुल्हाड़ी से वार किए गए हैं और गोली भी मारे जाने की आशंका है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद उन्होंने सड़क से शव हटाने पर सहमति जताई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि गोली लगी है या नहीं, इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
रात में परिचित के घर गया था किसान : जानकारी के अनुसार, कोमल पाल मंगलवार रात गांव में रहने वाले विनय समाधिया के घर गए थे। रात करीब 8 बजे उन्होंने अपने बड़े बेटे जीतू पाल से फोन पर बात की थी और कुछ देर में घर लौटने की बात कही थी।
लेकिन रातभर उनके वापस नहीं आने पर बुधवार सुबह परिजन उन्हें तलाशते हुए विनय के घर पहुंचे। यहां एक कमरे में कोमल पाल का खून से लथपथ शव मिला। शुरुआती जानकारी में शरीर पर कुल्हाड़ी के तीन वार के निशान बताए गए हैं।
आरोपी घर से मिला फरार : घटना के बाद विनय समाधिया मौके से गायब मिला। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार, विनय के नशे और जुआ-सट्टे से जुड़े होने की चर्चा है। घटना से पहले उसे कुछ लोगों के साथ कार में घूमते देखे जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, हत्या की वजह और किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
पोस्टमॉर्टम को लेकर भी परिजन नाराज : परिजन भांडेर में पोस्टमॉर्टम कराए जाने को लेकर भी संतुष्ट नहीं थे। उनका कहना था कि शव को दतिया भेजे जाने के बाद वे उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और यहां गोली लगने की आशंका को लेकर पोस्टमॉर्टम से पहले प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी मंजीत सिंह चावला सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों से बातचीत की। करीब 20 मिनट बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया और शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया।
पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के साक्ष्यों और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश के साथ हत्या के कारण और घटना में अन्य लोगों की संभावित भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।

