Datia News : दतिया। दिन के समय शहर में घूमकर उन घरों की पहचान करना जिनमें ताले पड़े हुए हैं और रात को वहां धावा बोलकर चाेरी करने वाले शातिर चाेर गिरोह के दो सदस्यों को कोतवाली पुलिस ने पकड़ा है। जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। चोरी किए गए माल को उक्त चोर अपने खेतों में गाड़कर रखते थे। चोरों ने जनवरी से फरवरी माह तक शहर में तीन सूने घर और एक किराना दुकान को निशान बनाया था। जहां से वह लाखों का माल समेट ले गए थे। चाेरी की वारदात में एक जैसा तरीका अपनाने के कारण पुलिस को इन घटनाओं में एक ही गिरोह का हाथ होने की शंका थी, जो सही साबित हुई और चोर माल सहित पकड़ लिए गए।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीओपी सुमित अग्रवाल एवं कोतवाली टीआई रविंद्र शर्मा ने बताया कि शहर में गत माह से चोरी की घटनाएं लगातार घट रही थी। जिसे लेकर कोतवाली पुलिस ने मामले दर्ज किए थे। इस मामले में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड के निर्देश पर अज्ञात चोरों की पतारसी के लिए एक टीम गठित की गई।
जिसके द्वारा तकनीकी मदद तथा पंजीबद्ध चोरी के वारदात के तरीके को खंगालकर संदिग्धों की पहचान की गई। इस मामले में एक बाल अपचारी को पुलिस ने काली पहाड़ी थाना सिविल लाइन से पकड़ा। जिसने पूछतांछ पर शहर में चोरी की वारदातें करना कबूल किया। उसने बताया कि वह अपने साथी अंगद पुत्र बालकृष्ण अहिरवार वासी भागोर थाना चिरुला व एक अन्य साथी जो वर्तमान में फरार है,के साथ मिलकर घटनाएं घटित करते थे।
आरोपित अंगद व उसके साथियों द्वारा दतिया शहर के विभिन्न मोहल्लों में घूम कर ऐसे मकानों को चिंहित किया जाता था जिसके मालिक बाहर गए हैं या घर पर ताला लगा है। रात्रि के समय में उस घर में ताला तोड़कर अंदर घुसकर उक्त चोर सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चुरा कर ले जाते थे।

यह बरामद हुआ माल
आरोपितों के कब्जे से 81,500 रुपये नगद, दो सोने के मंगलसूत्र, 6 सोने की अंगूठी, 4 चांदी की अंगूठी, चांदी की कमर पेटी, चांदी की पायलें, सोने की तबिजिया अन्य आभूषण तथा 20 हजार कीमत का केसर, बादाम, पिस्ता, काजू जप्त किए गए। जप्त किए गए सामान की कुल कीमत 4 लाख रुपये बताई गई है। चोरों ने अपने घर के बाहर खेतों में चोरी किया गया माल गाड़ रखा था। जो पुलिस ने बरामद कर लिया है। उक्त चोरियों का खुलासा करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।
इन स्थानों पर घटना को दिया था अंजाम
चोरों ने 4 फरवरी को नायब तहसीलदार मयंक तिवारी पुत्र कैलाश चंद तिवारी के ज्योति नगर कॉलोनी के सामने िस्थत शासकीय क्वार्टर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने चांदी के जेवर और 70 हजार नगद चोरी कर लिए थे। वहीं 12 जनवरी को अरविंद सिंह कुशवाहा पुत्र हरनाम सिंह कुशवाह निवासी पंचशील नगर दतिया ने रिपोर्ट लिखवाई थी कि 8 जनवरी से 10 जनवरी सुबह तक वह अपने घर से बाहर गया था।
इस दौरान घर के मेन दरवाजे पर का ताला टूटा मिला और अलमारी से सोने-चांदी के जेवर, 32 हजार नगद अज्ञात चोर चुराकर ले गए। चतुर्भुज कुशवाह पुत्र तुलसी कुशवाह निवासी शासकीय क्वार्टर अनामय आश्रम के पीछे दतिया के घर से भी 20 जनवरी को अलमारी का ताला तोड़कर चोर 10 हजार नगद व सोने-चांदी के आभूषण ले गए थे। इससे पूर्व 18 जनवरी को चंद्रप्रकाश नीखरा पुत्र नाथूराम नीखरा निवासी गांधी रोड तिगैलिया दुकान में सेंध लगाकर उक्त दुकान के अंदर से इलायची, बादाम, पिस्ता, केसर तथा चिल्लर चुरा ले गए थे।
चोरी का खुलासा करने में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रविंद्र शर्मा, उप निरीक्षक आकाश संसिया, सहायक उपनिरीक्षक महेश श्रीवास्तव, मनोज बाथम ,रामनिवास नंदा, राजेंद्र प्रसाद दीक्षित, मनोज तिवारी, विनोद तिवारी, शिवगोविंद चौबे, गजेंद्र राजावत, चंद्रशेखर साहू, दिलीप प्रधान, सोनपाल गोस्वामी, पुष्पेंद्र यादव, राहुल बौद्ध, रविंद्र यादव, महिला आरक्षक दीक्षा भदौरिया की भूमिका रही।


