दतिया : सोमवार रात 8 बजे दुकान बंदकर घर वापिस लाैट रहे सराफा व्यापारी को गोली मारकर अज्ञात बाइक सवार बदमाश उसके हाथ से दो बैग लूट लेकर भाग निकले। बैग में दुकान के जेबरात, नगदी और अन्य सामान था। गंभीर रुप से घायल सराफा व्यापारी को तत्काल इंदरगढ़ अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।

व्यापारी के सिर और हाथ में गोली लगने की जानकारी मिली है। घटना की सूचना पर एसडीओपी दीपक नायक मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने थाना प्रभारी परमानंद शर्मा के साथ घटनास्थल का मुआयना किया।जानकारी के अनुसार इंदरगढ़ के मेन बाजार स्थित गुरुकृपा ज्वेलर्स के संचालक चंद्रप्रकाश पुत्र रामसेवक सोमवार शाम करीब 8 बजे अपने कर्मचारी भीकम बघेल के साथ बाइक पर सवार होकर दुकान बंदकर घर लौट रहे थे। तभी डा.सुरेश वाली गली में िस्थत घर के पास ही घात लगाए बैठे तीन अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी को घेर लिया।
जिनमें से दो ने उन पर कट्टा अड़ाकर बैग छीनने का प्रयास किया। जब चंद्रप्रकाश ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर कट्टे से गोली चाली दी और दोनों बैग छीनकर बाइक पर सवार होकर सेवढ़ा रोड की ओर भाग निकले। साथ में मौजूद कर्मचारी ने भी बदमाशों काे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह असफल रहा।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग व घायल व्यापारी के स्वजन पहुंच गए। गंभीर रुप से घायल व्यापारी को तत्काल इंदरगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे ग्वालियर रैफर कर दिया गया है।
घटनास्थल पर एसडीओपी नायक ने पुलिस स्टाफ के साथ पहुंचकर छानबीन की। लूटे गए बैगों में नगदी, जेबरात व अन्य सामान होना बताया जाता है। गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व भी इंदरगढ़ में सराफा कारोबारी को गोली मारकर लूटपाट करने की घटना घटित हुई थी। जिसके विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा था।
