महाराष्ट्र विधानसभा में हंगामा : उद्धव और शिंदे गुट के विधायक भिड़े, जमकर नारेबाजी के बीच एक-दूसरे के साथ की धक्का मुक्की

Mumbai News : मुंबई । महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र का पांचवां दिन काफी हंगामेदार रहा। सत्र शुरु होते ही सत्तापक्ष और विपक्ष आमने सामने आ गए। जिसके बाद आरोप प्रत्यारोप के साथ ही नारेबाजी शुरू हो गई।

उद्धव गुट और शिंदे गुट के विधायकों ने भी आपा खो दिया। जिसका नजीता यह हुआ कि दोनों पक्ष के विधायक आपस में भिड़ गए। एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की तक हो गई। विधानसभा में विपक्ष ने सत्तादल के खिलाफ नारे लगाए।

शिंदे गुट पर लगाया बिक जाने का आरोप : विधानसभा का मानसून सत्र हंगामेदार होने की संभावना जताई जा रही है। सत्र के दौरान उद्धव गुट के विधायकों की शिंदे गुट के विधायकों से भिडंत हो गई। उद्धव गुट ने शिंदे गुट पर सत्ता के लिए बिक जाने का आरोप लगाया। जिसे लेकर ’50 खोके… एकदम ओके’ के नारे भी गूंजे।

वहीं एनसीपी ने भी महंगाई और किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की। एनसीपी विधायक गाजर लेकर विरोध प्रदर्शन करते दिखाई दिए। इस बात को लेकर भी विवाद हुआ। जिसके बाद दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने विधायकों को शांत कराया। जोरदार हंगामे के बाद सदन की कार्रवाई फिर से शुरू हुई।

धर्मांतरण विरोधी कानून बनाने की उठी मांग : सदन में राज्य के अहमदनगर में धर्म परिवर्तन के नाम पर हुए अत्याचार का मामला भाजपा विधायक नितेश राणे ने उठाया। उन्होंने ऐसी घटनाएं राज्य में बढ़ने पर चिंता जताते हुए इन पर रोक के लिए सदन का ध्यान आकर्षित कराया।

राणे ने कहाकि हिंदू लड़कियों को अपने जाल में फंसाने के लिए लड़कों को बाकायदा पैसे मिलते है। भाजपा विधायक ने कहाकि अन्य राज्यों की तरह महाराष्ट्र में भी धर्मांतरण विरोधी कानून बनाया जाना चाहिए। सदन में अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter