वर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे बनेंगे सरकारी गवाह, महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री पर लगे भ्रष्टाचार मामले में अदालत ने स्वीकार की अर्जी

Mumbai News : मुंबई । उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर मिली विस्फोटक सामग्री से भरी गाड़ी और ठाणे के एक कारोबारी की कथित हत्या के मामले में भूमिका के चलते गिरफ्तार किए गए बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे इन दिनों न्यायिक हिरासत में हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में सरकारी गवाह बनने की पेशकश मुंबई की एक विशेष अदालत से की है। जिसके बाद वह एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुंबई की एक विशेष अदालत ने भ्रष्टाचार के मामले में सरकारी गवाह बनने की बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे की अर्जी को स्वीकार भी कर लिया है।

वाजे ने कहा था कि उन्होंने अपनी गिरफ्तारी से पहले और बाद में सीबीआई का पूरा सहयोग किया। विशेष न्यायाधीश शिंगडे ने बुधवार को वाजे की अर्जी मंजूर की है। अदालत के आदेश के बाद वाजे अब मामले में अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर बयान दे सकेंगे।

गौरतलब है कि वाजे को दक्षिण मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर पास एक गाड़ी में विस्फोटक पदार्थ पाए जाने के मामले सहित ठाणे के कारोबारी हिरेन की हत्या में कथित भूमिका के चलते गत वर्ष मार्च माह में गिरफ्तार किया गया था। वाजे वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।

वहीं महाराष्ट्र के तत्कालीन गृहमंत्री अनिल देशमुख पर मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह ने पिछले साल मार्च में ही आरोप लगाया था कि देशमुख ने पुलिस अफसरों को मुंबई के रेस्तरां और बार से हर महीने 100 करोड़ रुपये की उगाही का काम सौंपा था।

इन आरोपों के बाद सरकार से सवाल किए जाने लगे थे। जिसके बाद सीबीआई ने हाईकोट के आदेश पर पिछले साल अप्रैल में देशमुख, वाजे और अन्य के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई थी। अदालत के आदेश के बाद राकांपा नेता देशमुख को मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा देना पड़ा था।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!