साइबर ठगी का शिकार हुए एसएएफ के उपनिरीक्षक : खाते से 46,600 रुपये गायब, मोबाइल हैक कर रकम ट्रांसफर होने का दावा

दतिया | जिले में साइबर अपराध का एक नया मामला सामने आया है। 29वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) में पदस्थ उपनिरीक्षक ने आरोप लगाया है कि साइबर ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 46,600 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। घटना का पता तब चला, जब उन्होंने अपने खाते का बैलेंस चेक किया। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बैलेंस कम दिखा तो हुआ संदेह : उपनिरीक्षक नेमीचंद आर्य के अनुसार, 3 अगस्त की सुबह उन्होंने अपने बैंक खाते का बैलेंस देखने के लिए YONO ऐप खोला। बैलेंस कम दिखाई देने पर उन्हें लेनदेन पर शक हुआ। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हिस्ट्री की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध ट्रांसफर सामने आया।

बिना जानकारी दूसरे खाते में पहुंची रकम : प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 2 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे उनके खाते से 46,600 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। यह राशि संगम बरनवाल नाम के व्यक्ति के खाते में भेजी गई। उपनिरीक्षक का कहना है कि उन्होंने ऐसा कोई भुगतान नहीं किया और न ही किसी को अपने खाते से राशि भेजने की अनुमति दी। उनका दावा है कि मोबाइल हैक कर इस वारदात को अंजाम दिया गया।

साइबर एंगल से जांच में जुटी पुलिस : घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल की तकनीकी जानकारी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रकम किस माध्यम से और किन परिस्थितियों में ट्रांसफर की गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter