सेठ रतन लाल सर्राफ की पुण्य स्मृति में 27 फरवरी को निःशुल्क नेत्र शिविर : विशेषज्ञों द्वारा जांच, सर्जरी और लेंस प्रत्यारोपण की रहेगी व्यवस्था

दतिया। हर साल की तरह इस वर्ष भी शहर में सामाजिक सरोकार से जुड़ा एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य शिविर रतन लाल सर्राफ परिवार द्वारा आयोजित किया जा रहा है। 27 फरवरी को स्वर्गीय सेठ रतन लाल सर्राफ की पुण्य स्मृति में एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर लगाया जाएगा। यह शिविर  रतन विहार वाटिका, एसपी ऑफिस के पास, बुंदेला कॉलोनी रोड, दतिया में आयोजित होगा। आयोजन श्रीमती लाड़ कुंवर देवी धर्मार्थ ट्रस्ट (द ग्रुप ऑफ रतन लाल सर्राफ) द्वारा किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य नेत्र रोग से पीड़ित जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से मोतियाबिंद के मरीजों के लिए आधुनिक तकनीक से ऑपरेशन की व्यवस्था की गई है। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के अनुभवी चिकित्सकों की टीम शिविर में मौजूद रहेगी, जो मरीजों की विस्तृत जांच कर आवश्यक उपचार प्रदान करेगी।


बिना चीरा – टांके के ऑपरेशन : शिविर में एसआईसीएस पद्धति से मोतियाबिंद ऑपरेशन किए जाएंगे, जिसमें बिना बड़े चीरे और बिना टांके के सर्जरी संभव होती है। इसके अलावा नेत्रदर्शी यंत्र से आंखों की गहन जांच की जाएगी, जिससे आंतरिक समस्याओं का सटीक परीक्षण किया जा सके। मरीजों को निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण, दवाइयां और जरूरत के अनुसार चश्मे भी उपलब्ध कराए जाएंगे।


दूरदराज से आने वालों के लिए व्यवस्था : आयोजकों ने बताया कि शिविर में आने वाले मरीजों के लिए भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूर्व जानकारी और पंजीयन के लिए संपर्क नंबर 9893003979 एवं 9993769032 जारी किए गए हैं।


नागरिकों से अपील : समाजसेवी अमित अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस शिविर की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उनका कहना है कि समय पर नेत्र जांच और उपचार से कई गंभीर समस्याओं को रोका जा सकता है।

आयोजकों का उद्देश्य है कि जरूरतमंदों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो और वे स्वस्थ दृष्टि के साथ सामान्य जीवन जी सकें। यह शिविर सामाजिक सहयोग और जनसेवा की भावना के साथ आयोजित किया जा रहा है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter