विधायक पुत्र के विवाह समारोह में शामिल हुए सिंधिया व सीएम शिवराज : अतिथियों को चांदी के बर्तनों में परोसा गया भोजन

Datia News : दतिया। भांडेर विधायक रक्षा संतराम सरौनिया के पुत्र विजय सरौनिया विक्की के शादी समारोह में शामिल होने सबसे पहले केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने समर्थक मंत्री व विधायकों के साथ शनिवार को भांडेर पहुंचे। इससे पहले सिंधिया सड़क मार्ग से शनिवार सुबह दतिया पीतांबरा पीठ पहुंचे।

जहां गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने उनकी अगवानी की। इसके बाद पीठ पर पहुंचकर सिंिधया ने मां बगुलामुखी के दर्शन किए और महाभारतकालीन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री सुरेश धाकड़ भी पीठ पर मौजूद रहे। दतिया आगमन पर भाजपा जन ने सिंधिया का स्वागत किया। इसके बाद सिंधिया अपने काफिले के साथ भांडेर रवाना हुए।

शाम चार बजे के लगभग मुख्यमंत्री शिवराज सिंह हैलीकाप्टर से बिछरेठा स्थित हेलीपैड पर उतरे। जहां गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा, विधायक रक्षा सरौनिया, डा.संतराम सरौनिया, इमरती देवी, कलेक्टर संजय कुमार, एसपी अमन सिंह राठौड ने उनकी अगवानी की। इसके बाद मुख्यमंत्री विवाह आयोजन स्थल कृषि उपजमंडी भांडेर पहुंचे।

यहां विधायक पति संतराम ने घुटनों के बल बैठकर दोनों बाहें फैलाकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विधायक पुत्र विक्की को गृहस्थ जीवन में प्रवेश के लिए मंगलमय कामनाएं दीं। गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा भी विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

चांदी के बर्तनों में परोसा गया भोजन : इस अवसर पर वीवीआईपी भी विवाह उपलक्ष में दिए गए भोज कार्यक्रम में शामिल हुए। सबसे पहले पहुंचने वाले वीवीआईपी में नागरिक उड्डयन केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रहे। जो सड़क मार्ग से दतिया के

रास्ते भांडेर पहुंचे थे। इनके साथ ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पूर्व महिला बाल विकास मंत्री एवं निगम अध्यक्ष इमरती देवी, दतिया जिला प्रभारी सुरेश धाकड़ आदि शामिल रहे।

सिंधिया ने विधायक रक्षा के साथ भोजन भी ग्रहण किया। इस दौरान चांदी के बर्तनों में अतिथियों को भोजन परोसा गया। भोजन के दौरान सिंधिया ने संतराम का भी मुंह अपने हाथों से मीठा कराया। उन्होंने नवदंपत्ति के सुखद जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter