बहन से मिलने जा रहे बाइक सवार युवक को स्काॅर्पियो ने रौंदा, दर्दनाक मौत, मौके से वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ चालक

Datia News : दतिया। बडौनी तिराहे के पास शनिवार दोपहर तेज गति से आ रही स्कार्पियो ने सामने से आ रहे बाइक सवार में टक्कर मार दी।

इस हादसे में जहां बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई वहीं स्कार्पियो चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। घटना के संबंध में बडौनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक नरेश कुशवाह पुत्र लख्खू कुशवाह (29) निवासी दावरभाट तहसील करैरा, जिला शिवपुरी शनिवार दोपहर करीब 1 बजे अपने गांव से बडौनी में बहन और जीजा से मिलने बाइक टीव्हीएस स्पोर्टस पर सवार होकर आ रहा था।

इसी बीच बडौनी तिराहे पर ग्राम कुरथरा-जतारा के बीच सामने से आ रही स्कार्पियो ने उसे टक्कर मार दी। आमने-सामने की भिंडत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रुप से घायल हो गया।

हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन लेकर भाग निकला। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना बडौनी पुलिस को दी।

जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल युवक को वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीएम के बाद पुलिस ने युवक का शव स्वजन को सौंप दिया।

हादसे के बाद लोगों ने स्कार्पियो का भागते देखा

वहीं घटना स्थल पर मौजूद लोगों का कहना था उन्होंने हादसे के बाद स्कार्पियो काे भागते हुए देखा। लेकिन चालक गाड़ी को तेज रफ्तार में चला रहा था, इसलिए उसका नंबर स्पष्ट रूप से नहीं देख सके।

चर्चा थी कि दुर्घटना कर भागी स्कार्पियो क्षेत्र के एक नेता की है। फिलहाल इन कयासों को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!