दतिया। गुरुवार को मेला मैदान स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भांडेर का एसडीएम अरविंद सिंह माहौर ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को दी जा रहीं सेवाओं के बारे में भी जानकारी ली। गुरुवार को अस्पताल में नशबंदी शिविर का आयोजन चल रहा था। लिहाजा अस्पताल परिसर में निजी वाहनों बेतरतीब ढंग से खड़े होने के कारण अटेंडरों को आने-जाने में हो रही परेशानी को देखते हुए एसडीएम ने बीएमओ डा.आरएस परिहार को पार्किंग व्यवस्था में शीघ्र सुधार करने की हिदायत दी गई।
इसके साथ ही एसडीएम ने अस्पताल परिसर को स्वच्छ रखने, आवारा पशुओं को परिसर से बाहर किए जाने के भी निर्देश दिए। बतादें गत 8 दिसम्बर को भी एसडीएम माहौर अस्पताल का निरीक्षण करने गए थे, उस दौरान भी उन्होंने अस्पताल परिसर की सफाई न मिलने व पार्किंग व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। उन निर्देशों के पालन में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद गुरुवार को भी एसडीएम को पुन: इस संबंध में बीएमओ को निर्देशित करना पड़ा।
नगर परिषद कार्यालय पहुंचे एसडीएम
वर्तमान में नगर परिषद् भांडेर के प्रशासक का दायित्व निर्वहन कर रहे एसडीएम अरविंद सिंह माहौर गुरुवार को नपं कार्यालय पहुंचे। सामान्य निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के प्रवेश द्वार के सामने बन रहे नए प्रवेश द्वार, जिसका फ्रेमवर्क तैयार हो चुका है, के कार्य को अतिशीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधितों को दिए। इस दौरान उन्होंने प्रवेश द्वार के सामने अव्यवस्थित खड़े वाहनों को व्यवस्थित खड़ा कराने को भी मौके पर मौजूद वाहन चालकों को निर्देशित किया।

