नई दिल्ली : साड़ी पहनने के कारण महिला को प्रवेश से रोकने के बाद विवादों में आया अकीला रेस्तरां बंद हो गया है। जांच में पाया गया कि रेस्तरां के पास लाइसेंस नहीं है। ऐसे में दक्षिणी निगम ने क्लोजर नोटिस दिया तो रेस्तरां प्रबंधन ने बताया कि बिना लाइसेंस के रेस्तरां को चला रहे थे। इसलिए अब बंद कर दिया है। हालांकि जरूरी हेल्थ लाइसेंस के लिए आवेदन कर दिया है। आरोप हैं कि उक्त रेस्तरां कागजों में सील था, लेकिन बिना डी-सीलिंग की प्रक्रिया के यह चल रहा था।
दक्षिणी निगम की सदन की बैठक में कांग्रेस दल के नेता अभिषेक दत्त ने रेस्तरां का मुद्दा उठाया था। उन्होंने मांग की थी कि ऐसी घटनाओं का दोहराव न हो इसके लिए ऐसे रेस्तरां पर पांच लाख का जुर्माना लगाया जाए। दत्त ने कहा कि जो रेस्तरां कागजों में सील पड़ा है, वह असल में कैसे चल रहा है? जनस्वास्थ्य विभाग ने किया निरीक्षण रेस्तरां में हुए विवाद के बाद 21 सितंबर को निगम की जनस्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण किया था।
इसमें पाया गया कि रेस्तरां बिना हेल्थ ट्रेड लाइसेंस के चल रहा है। इस पर निगम ने इसको बंद करने का आदेश दिया था। 24 सितंबर को फिर से निगम टीम के निरीक्षण में रेस्तरां चलता हुआ पाया गया। इस पर निगम ने रेस्तरां को 48 घंटे में बंद करने के आदेश दिए थे। जिस पर रेस्तरां के संचालक कुणाल छाबरा ने बिना लाइसेंस के चलने वाले रेस्तरां को बंद करने का हलफनामा दे दिया।
निगम की कार्रवाई पर भी उठे सवाल दक्षिणी दिल्ली इलाके में अंसल प्लाजा ऐसा स्थान हैं जहां पर बिना लाइसेंस के रेस्तरां चलने की कल्पना भी नहीं की जा सकती। यह रेस्तरां कैसे चल रहा था और निगम की कार्रवाई विवादों के बाद ही क्यो हुई। इस पर स्थानीय जनस्वास्थ्य अधिकारी की भी कार्यकुशलता पर सवाल खड़े होते हैं।


