शहर में दूसरी बार हुई गोलीबारी की घटना : आधा सैकड़ा लोगों ने कोतवाली पहुंचकर जताया आक्रोश

Datia news : दतिया । शहर में गोलीबारी की लगातार दूसरी घटना बुधवार रात घटी। इस घटना के बाद नाराज लोगों ने कोतवाली घेर ली। वहां उन्होंने घटना को लेकर आक्रोश जताते हुए अज्ञात लोगों के विरुद्ध शिकायत भी दर्ज कराई। शहर में अवैध हथियारों से हो रही गोलीबारी की घटनाएं चुनाव को देखते हुए गंभीर है। ऐसे में पुलिस काे सख्ती दिखाने की जरुरत है।

हाल ही में सिद्धार्थ कालौनी में वहां के किराना दुकानदार पर स्थानीय युवक ने किराना सामान उधार न दिए जाने को लेकर गोली मार दी थी। इस घटना में घायल दुकानदार का उपचार चल रहा है। वहीं इसके बाद दूसरी घटना कुईयापुरा पानी टंकी के पास घटित हुई। जिसमें अज्ञात लोगों ने वहां ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी।

स्थानीय लोगों ने कोतवाली पहुंचकर की फायरिंग करने वाले अज्ञात बदमाशों की हरकत को लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई। जिसके बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना अंतर्गत कुईयापुरा पानी की टंकी के पास माता का पंडाल लगा हुआ है। जहां माता की प्रतिमा विसर्जन करने के बाद समिति के सदस्य भंडारे की तैयारी कर थे। इसी बीच चार अज्ञात बदमाश वहां आ धमके।

जिन्होंने दहशत फैलाने की नियत से एक के बाद एक लगातार फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। घटना के बाद फायरिंग करने वाले बदमाश भाग निकले।

वहीं इस बारे में मोहल्ले के लोगों का कहना था कि तीन दिन पहले वहां के लड़कों से कुछ बाहरी बदमाशों से विवाद हुआ था। तब अन्य लोगों ने मामले में हस्तक्षेप कर समझौता भी करा दिया था। लेकिन बुधवार रात बदमाशों ने मोहल्ले में आकर हवाई फायर कर दिए।

इस घटना से नाराज करीब 50-60 मोहल्लेवासी रात में ही कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक घटना स्थल का मुआयना कर सुराग जुटाए गए हैं। जल्दी ही बदमाशों को चिंहित कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter