Datia News : दतिया । तेज गति सेे आ रही रेत के भरे ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से पीताम्बरा पीठ मंदिर के सामने बनी लाल पत्थर की बारादरी बीच सड़क पर आ गिरी। इस हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग खड़ा हुआ। पीतांबरा पीठ मंदिर के सामने दोनों ओर आकर्षक लाल पत्थर की बारादरी बनाई गई थी। जिसमें लाखों रुपये का खर्च किए गए थे। लेकिन शहर के व्यस्तत मार्ग पर बनाई गई इस बारादरी का निर्माण इतना कमजोर निकला कि वह एक वाहन की टक्कर से पूरी की पूरी सड़क पर आ गिरी। गनीमत यह रही कि इन दिनों लाकडाउन के कारण इस मार्ग से आवाजाही बंद है, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
देखें पूरा वीडियो :
सोमवार शाम तेज आवाज के साथ गिरी बारादरी की गूंज चारों ओर फैल गई। जिसे सुनकर आसपास के लोग और चौराहे पर तैनात पुलिस बल तत्काल मौका पहुंचे। जहां बीच सड़क पर बारादरी के बनाए गए गुंबद धाराशाई हुए पड़े थे। गौरलतब है कि शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए पीतांबरा पीठ मंदिर के सामने दो बारादरी बनाई गई थी। जिनमें से मंदिर के पास वाली बारादरी गिर पड़ी। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम रेत भरी ट्रैक्टर ट्राली वहां से निकल रही थी जिसकी टक्कर लगने से बारादरी भरभराकर धराशाई हो गई। बारादरी के मलवे के नीचे वहां खड़ी मोटर साइकिल भी दब गई। जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर मालवा हटाने के लिए रेस्क्यू शुरू कर दिया है।

मौके पर पहुंचे कलेक्टर-एसपी

बारादरी गिरने की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय कुमार और एसपी अमन सिंह राठौड मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने मौका मुआयना कर बीच रास्ते में पड़े मलबे को जल्दी साफ कराने के निर्देश संबंधितों को दिए। इस दौरान देखा गया कि मलबे के नीचे मोटर साइकिलों के अलावा कोई दबा तो नहीं है। घटना के कुछ देर बाद ही मलबा हटाने की शुरूआत हो गई।

