गांव की बेटी को बहता देख महिला ने भी लगा दी छलांग : दोनों की गई जान, गांव में पसरा मातम

Datia news : दतिया। कार्तिक स्नान के दौरान हुए हादसे से ग्राम भागौर में मातम पसर गया है। एक नाबालिग और एक नवविवाहिता की नदी में डूब जाने से जान चली गई। घटना उस समय घटित हुई जब गांव की नाबालिग बेटी नदी में नहाने के दौरान डूबने लगी तो महिला ने उसे बचाने के लिए पानी छलांग लगा दी। नदी के तेज बहाव में दोनों नहीं संभल पाए और डूब गए। इस हादसे में दोनों की जान चली गई।

घटना की सूचना पर चिरुला पुलिस मौके पर पहुंची। जहां गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नदी से बाहर निकलवाकर पीएम के लिए भेजा गया। वहीं प्रशासन की ओर से मृतकों के परिवार के लिए संबल योजना के तहत चार-चार लाख की सहायता दिए जाने की बात कही गई है।

घटना के संबंध में जानकारी देेते हुए चिरुला थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि ग्राम भागौर में कार्तिक स्नान करने वाली महिलाएं नदी किनारे कृष्ण जी की प्रतिमा बनाकर पूजा अर्चना कर रही थी।

इस दौरान कुछ महिलाएं नदी में नहाने को उतरी थीं। इसी बीच महिलाओं के साथ आई 13 वर्षीय साक्षी भी नहाने के लिए नदी में उतर गई। जहां पानी का तेज बहाव आने पर वह संभल नहीं पाई और बहने लगी। साक्षी को पानी में बहता देख उसे बचाने के लिए महिला कोमेश पत्नी देवेंद्र यादव ने भी नदी में छलांग लगा दी।

साथ आई महिलाओं में मच गई चीख पुकार : साक्षी को बचाने के चक्कर में कोमेश भी पानी के बहाव में फंस गई और डूबने लगी। उसे डूबता देख आसपास की अन्य महिलाओं ने जब शोर शराब मचाया तो पास ही खेत में काम कर रहा गौतम यादव आवाज सुनकर वहां पहुंचा।

जिसने नदी में फंसी एक बच्ची और महिला को किसी तरह बाहर निकाल लिया। लेकिन साक्षी और कोमेश को नहीं बचा सका। मृतक कोमेश नर्सिंग कोर्स कर रही थी। जिसका कुछ माह पहले ही भागौर के देवेंद्र यादव के साथ विवाह हुआ था। वहीं मृतक साक्षी कक्षा 9वीं की छात्रा थी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!