पीएम दोबारा कराने की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर शव रखकर स्वजनों ने लगाया जाम,

हत्या का मामला दर्ज करने की भी मांग कर थे स्वजन उचाड़ में करंट लगने से हुई थी मजदूर की मौत

दतिया11केवी विद्युत लाइन की चपेट में आकर करंट लगने से मजदूर राजू कुशवाह की मौत के मामले में उसके स्वजनों ने शुक्रवार सुबह दतिया अस्पताल परिसर में हंगामा मचाते हुए जाम लगा दिया। इस दौरान स्वजनों ने अस्पताल के रास्ते में शव रखकर दोनों ओर से आने जाने का रास्ता रोक दिया। स्वजन विद्युत ठेकेदार हरीसिंह कुशवाह पर इस घटना में हत्या का मामला दर्ज करने के साथ शव का दोबारा पीएम कराए जाने की मांग कर रहे थे। जाम लगने की सूचना पर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने स्वजनों को समझाने का प्रयास किया। हंगामा बढ़ता देख शव को दोबारा पीएम के लिए ग्वालियर पुलिस की निगरानी में भिजवा दिया गया, तब जाकर स्वजन मानें।

गत गुरूवार दोपहर गोराघाट थाना क्षेत्र के ग्राम उचाड़ में 11केवी लाइन पर काम करने के दौरान करंट लगने से पोल से गिरकर मजदूर राजू पुत्र भगतराम कुशवाहा निवासी ग्राम जुझारपुर की मौत हो गई थी। मृतक के स्वजनों का आरोप था कि बगैर परमिट लिए ठेकेदार ने उसे पोल पर चढ़ा दिया था, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं स्वजनों का कहना था कि मृतक के शरीर पर चोटों के भी निशान हैं। जिससे लगाता है कि मारपीट कर राजू की हत्या की गई है। जिसे ठेकेदार ने दुर्घटना का रूप दे दिया। इस मामले में गोराघाट पुलिस ने मर्ग कायम किया था।

दतिया अस्पताल शव लेकर पहुंचे स्वजन

घटना के अगले दिन शुक्रवार को मृतक के स्वजन कार से शव लेकर दतिया अस्पताल पहुंचे। जहां पीएम के बाद वह ठेकेदार पर हत्या का मामला दर्ज किए जाने की मांग करने लगे। गुस्साए स्वजनों ने अस्पताल के बीच रास्ते में शव रखकर जाम लगा दिया। जाम करीब डेढ़ घंटे तक लगा रहा। जिसकी सूचना मिलने पर तहसीलदार नीतेश भार्गव, एसडीओपी दतिया सुमित अग्रवाल, बडौनी उपेंद्र दीक्षित, टीआई कोतवाली रविंद्र गुर्जर मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने हंगामा मचा रहे मृतक के स्वजनों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह पीएम दोबारा कराने एवं हत्या का मामला दर्ज कराने की मांग पर अड़े थे। जिसके बाद अधिकारियों ने शव को दोबार पीएम के लिए ग्वालियर भेजने और पीएम रिपोर्ट के आधार पर मामला कायम करने का आश्वासन दिया। इस पर स्वजन मानें और जाम खोल दिया गया। गोराघाट पुलिस की निगरानी में शव को दोबारा पीएम के लिए ग्वालियर लैब भेजा गया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter