11 कन्याओं की शादी का जिम्मा उठाएगा यादव समाज : वरिष्ठ नेताओं ने ली जिम्मेदारी, द्वारकाधीश मंदिर में हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम

दतिया/सेंवढ़ा। रंगपंचमी के अवसर पर सेंवढ़ा स्थित द्वारकाधीश मंदिर परिसर में भव्य होली मिलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर यादव समाज के वरिष्ठ नेताओं ने समाज सेवा का बड़ा संकल्प लेते हुए आगामी एक वर्ष में 11 जरूरतमंद कन्याओं के निशुल्क विवाह कराने की जिम्मेदारी उठाने की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान अशासकीय महाविद्यालय महासंघ के अध्यक्ष कौशल सिंह यादव और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. अमित यादव ने संयुक्त रूप से यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि यादव समाज इन 11 कन्याओं के विवाह की पूरी जिम्मेदारी उठाएगा और समाज के सहयोग से यह पुनीत कार्य संपन्न कराया जाएगा।

मंदिर परिसर में बनेगा स्थायी सांस्कृतिक मंच : इस अवसर पर मंदिर समिति ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मंदिर परिसर में लगभग 4000 वर्गफीट का स्थायी सांस्कृतिक मंच बनाने की योजना की जानकारी दी। बताया गया कि यह मंच करीब 40 फीट चौड़ा और 100 फीट लंबा होगा। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन सिंह यादव के आगमन के दौरान यहां अस्थायी कच्चा मंच बनाया गया था, जिसे अब पक्के कंक्रीट मंच में परिवर्तित किया जाएगा।

अतिथियों का हुआ स्वागत : कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यदुवंशी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपेश सिंह यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री द्वारकाधीश की पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष किशन सिंह यादव, विशुन दउआ, मुन्ना फौजी बघेड़ी, नारायण सिंह यादव, ध्रुव यादव, दीपू स्वामिया, युवा इकाई अध्यक्ष मुकेश पटेल और अभिभाषक संघ अध्यक्ष मुकेश यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।

बुंदेली फाग और राई नृत्य ने बांधा समां : समारोह में पारंपरिक बुंदेली फाग गायन और राई नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रसिद्ध फाग गायक राजेंद्र सिंह गुर्जर, बृजेंद्र गुर्जर, आरती कुशवाहा, अनीता दांगी और कोमल ने होली के गीतों से माहौल को रंगमय बना दिया। “आज रंग पांचे हैं गोरी रंग डाल दे” जैसे गीतों पर उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ होली का आनंद लिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिवकुमार यादव ने किया, जबकि अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए सहभोज का आयोजन किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter