दतिया | जिले के चिरुला थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलरा रोड पर गुरुवार सुबह सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 9 बजे राहगीरों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर प्रारंभिक जांच शुरू की। कुछ घंटों तक शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद आसपास के जिलों में सूचना प्रसारित की गई।
देर रात मृतक की पहचान 39 वर्षीय कल्याण सिंह जाट, निवासी अरोली, ग्वालियर के रूप में हुई। पुलिस द्वारा जारी की गई तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा होने के बाद परिजन दतिया पहुंचे और शिनाख्त की पुष्टि की। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
गला रेतकर हत्या, शरीर पर संघर्ष के निशान : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मौत सामान्य नहीं बल्कि हत्या है। चिकित्सकीय रिपोर्ट के अनुसार मृतक का गला धारदार हथियार से काटा गया, जिससे श्वासनली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हाथों पर भी चोट और वार के निशान पाए गए, जो संभावित संघर्ष की ओर संकेत करते हैं। जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और शव को साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से फूलरा रोड किनारे फेंका गया।
घर से निकले थे, फिर संपर्क टूट गया : परिजनों के अनुसार कल्याण सिंह दोपहर करीब ढाई बजे घर से निकले थे। शाम तक उनका मोबाइल मुरार क्षेत्र में सक्रिय दिखा, इसके बाद संपर्क टूट गया। अगले दिन दतिया में शव मिलने की सूचना मिली। मृतक की करीब चार वर्ष पूर्व प्रेम विवाह हुआ था और उनके दो छोटे बच्चे हैं। फिलहाल परिवार ने किसी पर सीधे आरोप नहीं लगाए हैं।
पुलिस जांच तेज, जल्द खुलासे का दावा : मामले की जांच कर रही पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और अन्य संभावित सुरागों की जांच में जुटी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
इस घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस की आगे की कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर सभी की नजरें टिकी हैं।


