मंदिर की शिव प्रतिमाएं खंडित मिलने से फैली सनसनी, पुलिस मौके पर पहुंची, सीसीटीवी से देखी जा रही फुटेज

दतिया । लाला के ताल स्थित आम वाले हनुमान मंदिर में किसी अज्ञात व्यक्ति ने पिंडी व भगवान शंकर की की दो प्रतिमाएं को खंडित कर दिया। यह घटना रविवार देर रात की बताई जाती है। बताया जाता है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने प्रतिमा को खंडित किया है। सोमवार सुबह मंदिर पर पूजा करने गए लोगों ने जब खंडित प्रतिमा को देखा तो आसपास सनसनी फैल गई और इसकी सूचना पुलिस को दी।

इधर प्रतिमा खंडित किए जाने की सूचना मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने इस मामले में पुलिस से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद एसडीएम अशोक चौहान भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया है। इस तरह का मामला पूर्व में सेंवढ़ा भी हो चुका है और अब दतिया में प्रतिमा खंडित करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओपी सुमित अग्रवाल, कोतवाली टीआई धनेंद्रसिंह भदौरिया भी मौके पर पहुंचे।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही पुलिस

इस दौरान पुलिस मंदिर के आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जिसके आधार पर अज्ञात आरोपितों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसडीओपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि लोगों की सूचना पर पुलिस दल वहां सुबह पहुंच गया था। जिला प्रशासन ने इस बारे में भगवान की नई प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा मंदिर में किए जाने का भी निर्णय लिया है। इस दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने की हिंदुओं की भावना से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!