सराफा व्यापारी के घर बदमाशों ने की गोलीबारी : भटियारा मोहल्ले में फैली सनसनी, आसपास के लोग दहशत में, पुलिस मौके पर पहुंची

दतिया : रविवार शाम मातन का पहरा भटियारा मोहल्ले में अज्ञात बदमाशों द्वारा गोलीबारी किए जाने की घटना ने आसपास के लोगों को दहशत में ला दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र में घटी इस घटना के बाद भटियारा मोहल्ले में भय का माहौल है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक अज्ञात बदमाशों ने सराफा व्यवसायी के निवास पर गोलियां चलाई अौर भाग निकले। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने इस दौरान बदमाशों के हुलिए के बारे में भी पूछतांछ की।

जानकारी के अनुसार मातन का पहरा भटियारा मोहल्ला निवासी सराफा व्यापारी मनोज सांवला उर्फ टिंकू सांवला के निवास पर अज्ञात बदमाशों ने रविवार देर शाम गोलीबारी कर दी। करवा चौथ का पर्व होने के कारण अधिकांश लोग अपने घरों की छतों पर थे।

जैसे ही लोगों ने मोहल्ले में गोलियां चलने की आवाज सुनी, चारों तरफ सनसनी फैल गई। बदमाश संख्या में कितने थे, इसके बारे में मोहल्लावासी स्पष्ट तौर पर नहीं बता सके, लेकिन सभी इस घटना के बाद दहशत में नजर आए। मोहल्लावासियों के मुताबिक बदमाश फायरिंग के बाद भाग निकले।

इधर घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां पुलिस ने टिंकू सांवला के मकान के पास पड़ी गोलियांे के खाली खोखे देखे। गोलियों से घर के ऊपरी हिस्से में लगे कांच टूट गए। गनीमत रही कि इस घटना में घर के सदस्य बाल-बाल बच गए। पुलिस ने टिंकू व उनके परिजनों ने घटना के बारे में जानकारी ली है। पुलिस का मानना है कि शायद किसी रंजिश के चलते यह वारदात घटित हुई है।

इसके बारे में छानबीन की जा रही है। वहीं त्यौहारी सीजन में बदमाश सक्रिय होने से आम लोगों में भय बढ़ गया है। पुलिस मोहल्ले के लोगों से भी इस बारे में जानकारी जुटी रही है। साथ ही आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter