झांसी/दतिया। झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत मसीहागंज चौकी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संगम विहार (फौजी तिराहा) के पास किराए के कमरे में रह रही दतिया निवासी विवाहिता की उसके पति ने गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर मौके से भाग निकला। पीड़िता को अचेत अवस्था में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दतिया के इंदरगढ़ की रहने वाली थी मृतका : मृतका की शिनाख्त शिवानी उर्फ सुधा (27 वर्ष), पुत्री संतराम वंशकार, निवासी इंदरगढ़ (दतिया) के रूप में हुई है। शिवानी पिछले करीब तीन महीनों से झांसी में किराए का कमरा लेकर अपनी छोटी बहन मुस्कान और भाई अनिकेत के साथ रह रही थी। उसका पति यश ठाकुर ग्वालियर का निवासी है और बीच-बीच में झांसी आया-जाया करता था।
विवाद के बाद रात 2 बजे बैग लेकर निकला आरोपी : मृतका की बहन मुस्कान के अनुसार, रविवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। पास ही रहने वाले मामा संतोष ने पहुंचकर दोनों को शांत कराया। देर रात खाना खाने के बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। रात करीब 2 बजे यश ने मुस्कान के कमरे का दरवाजा खटखटाकर अपना बैग और जरूरी सामान मांगा और वहां से चला गया।
सुबह फर्श पर मिला लहुलुहान शव : सोमवार सुबह करीब 9 बजे जब शिवानी का छोटा भाई अनिकेत घर पहुंचा, तो दोनों कमरों की कुंडी बाहर से बंद थी। मुस्कान को बाहर निकालने के बाद जब उन्होंने शिवानी का कमरा खोला, तो वह फर्श पर बेसुध पड़ी मिली। उसके गले पर दबाने के गहरे निशान थे और कान से खून बह रहा था। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया।
सोशल मीडिया पर हुई थी पहचान, प्रेम विवाह के बाद से चल रही थी अनबन : परिजनों ने बताया कि करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए शिवानी और यश की पहचान हुई थी। बाद में दोनों ने परिवार की रजामंदी से डेढ़ साल पूर्व विवाह कर लिया था। शादी के बाद ससुराल ग्वालियर में लगातार होने वाली प्रताड़ना व मारपीट से तंग आकर शिवानी झांसी आकर रहने लगी थी। रक्षाबंधन से ठीक पहले वह पति से मिलने ग्वालियर गई थी और दो दिन रुकने के बाद दोनों साथ झांसी लौटे थे, जहां रविवार रात यह खूनी वारदात घटित हो गई।
चार बहनों में सबसे बड़ी थी शिवानी, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी : शिवानी अपने चार बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ी थी। पिता फेरी लगाकर फल बेचने का काम करते हैं, जबकि मां दिल्ली में घरेलू कामकाज करती हैं। सीपरी बाजार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी पति यश ठाकुर की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है।

