दतिया । जिले के सेवढ़ा थाना प्रभारी शिशिर दास को सीहोर में पदस्थ महिला नायब तहसीलदार के साथ अभद्रता करने के मामले में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने निलंबित कर दिया है। टीआई पर सीहोर में महिला अधिकारी से अभ्रदता का मामला दर्ज हुआ है। इसके साथ सेवढ़ा थाने के आरक्षक विपिन यादन को भी इस मामले में निलंबित किया है। जिले में 24 घंटे में दो टीआई निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।
बताया जाता है कि पूर्व में टीआई शिशिर दास की तैनाती सीहोर में थी, इस दौरान रेत माफियाओं से मिलीभगत को लेकर वहां पदस्थ एक महिला नायब तहसीलदार के साथ उनका विवाद हो गया था। इसे लेकर उन्होंने उससे अभद्रता भी की थी। जिसकी शिकायत विगत रविवार पुलिस अधीक्षक सीहोर से की गई थी। महिला नायब तहसीलदार की शिकायत के बाद एसपी सीहोर ने दतिया एसपी से बात की थी। इसके बाद उक्त महिला अधिकारी की शिकायत दतिया एसपी कार्यालय मंगाई गई। मामले की जांच करने के बाद एसपी ने प्रथम दृष्टया टीआई शिशिर दास को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया है।
सूचना के अनुसार टीआई शिशिर दास के धमकाने के बाद सीहोर पुलिस ने महिला नायब तहसीलदार के घर पुलिस बल भी तैनात किया है। बताया जाता है कि टीआई शिशिर दास ने उक्त महिला अधिकारी को देख लेने की धमकी भी दी थी। सूत्रों के अनुसार टीआई पर नायब तहसीलदार को थप्पड़ मारने का भी आरोप है, किंतु इसकी पुष्टि अभी किसी ने भी नहीं की है। हालांकि इस मामले में सीहोर पुलिस ने टीआई शिशिर दास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
टीआई शिशिर दास पूर्व में सीहोर पदस्थ रहे थे और वहां भी निलंबित हो चुके हैं। इस संबंध में टीआई शिशिर दास से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। वहीं इस मामले में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला अधिकारी के साथ अभद्रता का है और टीआई के खिलाफ सीहोर में केस भी दर्ज हो चुका है। इसलिए सेवढ़ा टीआई व आरक्षक विपिन यादव को निलंबित किया गया है। विभागीय जांच में जो भी परिणाम आएंगे उससे साबित होगा कि वे कितने दोषी है। इस तरह के आचरण को पुलिस विभाग कभी बर्दाश्त नहीं करता है।

