सेवढ़ा को विकास की बड़ी सौगात : 47 करोड़ के सिंध पुल का लोकार्पण, 532 करोड़ से अधिक कार्यों की घोषणा

सेवढ़ा  : दतिया जिले के सेवढ़ा में शनिवार को विकास की नई तस्वीर उभरती नजर आई, जब मुख्यमंत्री मोहन यादव दोपहर करीब 2:15 बजे सेवढ़ा पहुंचे। हेलीपेड पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे सिंध नदी तट पर पहुंचे, जहां 47 करोड़ रुपए की लागत से तैयार नवनिर्मित पुल का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी।


सिंध नदी पर पुल से आवागमन होगा सुगम : नए पुल के शुरू होने से सेवढ़ा और आसपास के ग्रामीण अंचलों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। वर्षों से जिस पुल की मांग की जा रही थी, उसके पूर्ण होने से व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।


532 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का ऐलान : मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान जिले के लिए 532 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की घोषणा की। इनमें 30 करोड़ रुपए की जल आवर्धन योजना का शुभारंभ और 233 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित 21 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। शिक्षा और पुलिस प्रशिक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रकल्प भी इस सूची में शामिल हैं, जिससे जिले की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।


द्वारकाधीश मंदिर में पूजा, आमसभा को संबोधन : पुल लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने द्वारकाधीश मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। सभा स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


दतिया-इंदरगढ़-सेवढ़ा सड़क और बाईपास की घोषणा : अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने दतिया-इंदरगढ़-सेवढ़ा मार्ग के निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणा की। इस परियोजना पर लगभग 500 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है। साथ ही इंदरगढ़ बाईपास निर्माण की बात भी कही, जिससे बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से आमजन को राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

सेवढ़ा में हुई इन घोषणाओं को क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से रोजगार, व्यापार और कनेक्टिविटी के नए अवसर खुलेंगे।

विधायक के प्रयासों की सराहना : कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर सक्रिय रहते हैं। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि प्रदीप अग्रवाल समय-समय पर क्षेत्र की जरूरतों और योजनाओं को लेकर उनके समक्ष प्रस्ताव रखते रहे हैं, ताकि सेवढ़ा का समुचित विकास हो सके। उन्होंने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि लोकतंत्र की सच्ची पहचान होते हैं, जो जनता को परिवार और अपने क्षेत्र को घर समझकर विकास एवं जनसेवा के लिए समर्पित रहते हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter