पंजाब में कांग्रेस का CM चेहरा चरणजीत चन्नी : लगातार दावा ठोक रहे नवजोत सिद्धू को झटका

चंडीगढ़ : कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए चरणजीत चन्नी को सीएम चेहरा घोषित कर दिया है। लुधियाना की दाखा रैली में राहुल गांधी ने इसकी घोषणा की। इससे लगातार सीएम चेहरे पर दावा ठोक रहे पंजाब कांग्रेस चीफ नवजोत सिद्धू को बड़ा झटका लगा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सिद्धू इसके बाद क्या कहते हैं और कौन सा कदम उठाते हैं।

चन्नी के नाम की घोषणा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मैंने सीएम का चेहरा डिसाइड नहीं किया। मैंने पंजाब के लोगों से पूछा। कैंडिडेट और कार्यकर्ताओं, वर्किंग कमेटी के सदस्यों से पूछा। उन्होंने कहा कि पंजाब को खुद अपना नेता चुनना चाहिए। मैं सिर्फ ओपिनियन दे सकता हूं, लेकिन पंजाब का ओपिनियन ज्यादा जरूरी है। पंजाब ने कहा कि हमें गरीब घर का सीएम चाहिए। जो भूख और गरीबी को समझे, पंजाब को ऐसे व्यक्ति की जरूरत है।

राहुल ने कहा कि चरणजीत चन्नी गरीब घर के बेटे हैं। गरीबी को समझते हैं। जब वह सीएम बने तो उनके अंदर कोई अहंकार नहीं दिखा। वह जनता के बीच में जाते हैं। इसके बाद उन्होंने चरणजीत चन्नी के नाम की घोषणा कर दी।

कभी किसी पद के लिए लालायित नहीं रहा – सिद्धू

कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने रविवार को कहा कि वह कभी किसी पद के लिए लालायित नहीं रहे और उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी को राज्य का मुख्यमंत्री बनाने के फैसले की प्रशंसा की। सिद्धू ने लुधियाना की एक रैली को डिजिटल तरीके से संबोधित करते हुए यह बात कही। राज्य में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव है।

उनके इस बयान के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए रविवार को अपनी पार्टी के मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में चरणजीत सिंह चन्नी के नाम की घोषणा की। पिछले कई सप्ताह से चन्नी और सिद्धू मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित किये जाने के लिए जोर लगा रहे थे।

सिद्धू ने कहा, ‘‘ 17 साल के राजनीतिक करियर में सिद्धू कभी किसी पद के लिए लालायित नहीं रहा, लेकिन हमेशा पंजाब की बेहतरी और उसके लोगों की जिंदगी में सुधार चाहा।’’राहुल गांधी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि यह वही हैं, जिन्होंने पिछले साल एक दलित को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया।

उन्होंने कहा, ‘‘ यह बदलाव का पल है, जो लोगों के जीवन को बेहतर कर सके। हमें किसी चीज की जरूरत नहीं है। हमारी जरूरत बस पंजाब का कल्याण है। पंजाब के प्रति मेरे प्यार ने हमेशा उसकी बेहतरी चाही है।’’

पहले सिद्धू ने ट्वीट किया था कि वह मुख्यमंत्री के चेहरे पर पार्टी के फैसले को मानेंगे। उन्होंने आज की डिजिटल रैली में भी यही बात कही।

पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते हुए सिद्धू ने कहा, ‘‘ अब अमरिंदर सिंह डबल इंजन की बात करते हैं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने पंजाब को लूटा।’’’

अमरिंदर सिंह ने पिछले साल पंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटाये जाने के बाद कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और पंजाब लोक कांग्रेस नामक नयी पार्टी बनायी थी। पंजाब लोक कांग्रेस भाजपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रही है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter