दतिया। मार्च माह में विद्युत वितरण कंपनी बड़े बिजली बिल बकायादारों के प्रति सख्त रुख अपनाए हुए है। जिसके चलते ऐसे बड़े बकायादारों पर सीलबंद व कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। गत दिवस ऐसी ही कुछ बड़े बकायादारों के व्यापारिक प्रतिष्ठान सीलबंद करने की कार्रवाई की गई। इस दौरान वहीं कुछ उपभोक्ताओं ने इस कार्रवाई से बचने के लिए दो दिनों की मोहलत मांगी।
जिन लोगों पर कार्रवाई की गई उनमें रामसेवक कुशवाहा झांसी रोड, रामअवतार शर्मा बस स्टैंड भांडेर, देवीदास साहू दतिया रोड, नाथूराम रायकवार झांसी रोड, रामबिहारी रेजा पुत्र लल्लूराम खाई का बाजार शामिल हैं। जिन पर एक लाख से 4 लाख तक की बिल राशि बिजली कंपनी की बकाया है।इस दौरान कुछ बड़े बकायादार उपभोक्ताओं ने दो दिनों की मोहलत भी मांगी।
उनमें हरदयाल साहू पुत्र रामचरण साहू, राजेंद्र दीक्षित पुत्र रामसेवक, पन्नालाल रजक, तथा साहब सिंह कौरव को बिजली कंपनी अधिकारियों ने बकाया राशि जमा करने के लिए दो दिन का वक्त दिया है। इस मामले में विद्युत वितरण कंपनी अनुसार यदि मोहलत समय में इनके द्वारा बिल भुगतान नहीं किया जाता है तो इनके विरुद्ध भी सीलबंद की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्यवाही के दौरान सहायक यंत्री भांडेर सुरेंद्र गुप्ता, कनिष्ठ यंत्री सुजीत कुमार मिश्रा, परीक्षण सहायक राहुल शर्मा, सुभाष ठाकुर, कुलदीप वर्मा आदि सहित कर्मचारी मौजूद रहे।
14 मार्च को बिजली सप्लाई रहेगी बाधित
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण केंद्र कार्यालय उप संभाग भांडेर से मिली सूचना के अनुसार रविवार 14 मार्च को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक 33 केव्ही टीवी टावर सब स्टेशन पर पोल शिफ्टिंग का कार्य होना है। जिससे निकलने वाले 33-11 केव्ही बड़ेरा सोपान एवं पंडोखर उपकेंद्रों की विद्युत सप्लाई बंद रहेगी। ऐसी स्थिति में संबंधित उपकेंद्रों से सप्लाई प्राप्त करने वाले सभी 11 केव्ही फीडर एवं ग्रामों की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।

