सिंगल यूज़ प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने वाले दुकानदारों का हुआ सम्मान, समाजसेवी डा.त्यागी ने किया व्यापारी वर्ग को प्रोत्साहित

Datia News : दतिया। सिंगल यूज़ प्लास्टिक से बनी वस्तुओं के विक्रय बंद करने वाले शहर के दुकानदारों का स्वागत कर समाजसेवी उन्हें प्रोत्साहित कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 1 जुलाई से सिंगल यूज़ प्लास्टिक बैन हो चुकी है। सिंगल यूज़ प्लास्टिक से बनी वस्तुओं का अब उत्पादन, भंडारण, क्रय एवं विक्रय पूर्ण रूप से प्रतिबंधित हो चुका है।

इसीके तहत शहर के प्रसिद्ध डिस्पोजल व्यापारी मनोज शुक्ला ने सर्वप्रथम अपने प्रतिष्ठान से प्लास्टिक से बने सामान को विक्रय करना बंद कर दिया है। साथ ही भंडारण किए हुए सामान को भी अपने प्रतिष्ठान से हटा दिया है।

व्यापारी शुक्ला के इस कार्य पर शहर के समाजसेवी डा.राजू त्यागी ने शनिवार को उनके प्रतिष्ठान पर जाकर उनकाे माल्यर्पण कर शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। समाजसेवी डा. त्यागी ने डिस्पोजल संघ एवं शहर के अन्य व्यापारियों, फल-सब्जी विक्रेताओं से भी आग्रह किया कि वह भी मनोज शुक्ला से प्रेरणा लेकर अपने-अपने प्रतिष्ठानों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक से बनी वस्तुओं का विक्रय व उपयोग बंद कर दें। जिससे हमारा दतिया, सिंगल यूज़ प्लास्टिक प्रतिबंधात्मक योजना के आदेश के पालन में प्रथम स्थान पर आने वाला जिला बने।

बता दें कि नगर पालिका के ब्रांड एंबेसडर समाजसेवी डा.त्यागी खुद पिछले दो-ढाई वर्ष से पालिथिन मुक्त अभियान को निरंतर जारी रखे हुए है। अपने इस अभियान के दौरान डा.त्यागी ने स्वयं के व्यय पर दुकानदार, सब्जी विक्रेता, फूल विक्रेता और आमजन को कपड़े के थैले वितरित कर उन्हें पालिथिन छोड़ने के लिए प्रेरित किया।

इतना ही नहीं दूध खरीदने आने वाले लोगों को भी स्टील के डिब्बे वितरित किए ताकि लोगों में पालिथिन में दूध ले जाने की आदत बदल सके। उन्होंने स्कूलों, शासकीय कार्यालयों, अस्पताल सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पालिथिन मुक्त दतिया बनाने की दिशा में आयोजन कर स्कूली बच्चों व आमजन को इस दिशा में जागरुक करने के सार्थक प्रयास भी किए। उनके इस अभियान को काफी सराहना भी मिली थी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!