आम लोगों की मदद से आग पर पाया जा सका काबू
दतिया. भांडेर में बुधवार सुबह 8 बजे के लगभग नपं भांडेर कार्यालय के नीचे के हिस्से में आग लग गई। आग कैसे लगी इसको लेकर कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। कुछ लोग जहां आग लगने का कारण शार्टसर्किट मानकर चल रहे हैं। वहीं कुछ लोगों के अनुसार जलती बीड़ी या सिगरेट फैंके जाने से यह आग लगी है। गनीमत यह रही कि आग सुबह के समय लगी जिससे उस पर तत्काल काबू पा लिया गया। जिससे नुकसान कम हुआ।
दो मंजिला नपं की इमारत के निचले हिस्से में जहां आग लगी थी वह हिस्सा नपं ने किराए पर दिया हुआ है। यहां मिष्ठान भंडार, आयुर्वेदिक मेडिकल स्टोर तथा क्लीनिक, बिजली, स्टेशनरी, कियोस्क, मशीन पार्ट्स आदि की दुकानें संचालित हैं। जिस हिस्से में आग लगी वहां मिष्ठान भंडार, आयुर्वेदिक मेडिकल स्टोर तथा क्लीनिक, कियोस्क सेंटर, बिजली पार्ट्स की दुकान प्रमुख रूप से संचालित थीं। इस आगजनी में क्लीनिक के दो बेड, दवाइयां, पानी का इंजन, गत्ते, कूलर, कियोस्क सेंटर के बाहर लगा कैमरा जलकर नष्ट हो गए। वहीं बिजली के तीन मीटर तथा वायरिंग तेज हीट से पिघल गए। यहीं एक मोटरसाइकिल भी रखी थी जिसे समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया। आगजनी की इस घटना के दौरान सोनू सर्राफ की दुकान के बाहर लगे टेंट को हटाने के बचाव कार्य में सहयोग कर रहे सिकंदरपुर निवासी राजेश तिवारी के ऊपर लोहे की रोड गिरने से उनके सिर में चोंट आ गई।
जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त यहां आग पर काबू पाने से सबसे पहले बिजली विभाग को सूचित कर बिजली की आपूर्ति रुकवाई गई। फायर ब्रिगेड खराब स्थिति में होने पर नपं के पानी टैंकर को फोन कर तत्काल घटना स्थल पर बुलाया गया। जिसके पहुंचने के बाद वहां उपस्थित नपं कर्मचारियों और अन्य लोगों ने बाल्टियों से पानी भर-भरकर आग वाली जगह पर फेंकना शुरू किया। करीब 15 मिनिट बाद फायर ब्रिगेड चालक गोपाल मिश्रा ने जैसे तैसे कर फायर ब्रिगेड को चालू किया और फिर इसकी मदद से अंततः आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।

