भोपाल। प्रदेश में कोरोना संक्रमण गंभीर संकट पैदा करने की तरफ बढ़ रहा है। इसकी रोकथाम के लिए जरूरी है कि हम संभल जाए। मास्क लगाएं और सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन सुनिश्चित करें। इसके लिए सरकार 23 मार्च (मंगलवार) को संकल्प अभियान की शुरुआत करेगी। सुबह 11 बजे प्रदेश के सभी शहरों में सायरन बजेगा और जो जहां है, वहां रुककर संकल्प लेगा कि वह स्वयं मास्क का उपयोग करेगा और शारीरिक दूरी का पालन करेगा। शाम सात बजे फिर सायरन बजाकर संकल्प दोहराया जाएगा। दुकानों के बाहर ग्राहकों के खड़े होने के लिए गोले बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे स्वयं गोले बनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर, भोपाल सहित अन्य स्थानों पर पिछले कुछ माह की तुलना में कोरोना के पॉजिटिव प्रकरण ज्यादा आ रहे हैं। यह चिंता का विषय है। आमजन को इस संक्रमण से बचाने के लिए सरकार अपना दायित्व निभाएगी पर आमजन को भी सावधानियां बरतनी होंगी। संक्रमण से बचाव के लिए मास्क अनिवार्य है। इसी तरह सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन भी किया जाना चाहिए। इसका जनता ने पालन भी किया और अब फिर से इसकी आवश्यकता महसूस की जा रही है।
शारीरिक दूरी का पालन सुनिश्चित कराने के लिए दुकानों के सामने ग्राहक के खड़े होने के लिए गोले बनाए जाएंगे। वे खुद भी इस कार्य को देखेंगे और गोले भी बनाएंगे। संकल्प अभियान एक समय पर एक साथ पूरे प्रदेश में होगा। इसमें सायरन बजने पर लोग अपने स्थान पर रूक जाएंगे और मास्क पहनने के साथ शारीरिक दूरी बनाए रखने का संकल्प लेंगे, ताकि संक्रमण को रोका जा सके।