इंदौर के बाल सुधार गृह की खिड़की तोड़कर फरार हुए छह लड़के, सभी पर संगीन अपराध होने की जानकारी

इंदौर : इंदौर के बाल सुधार गृह में रखे गए छह लड़के वहां से खिड़की तोड़कर फरार हो गए। इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस फरार हुए लड़कों की तलाश में जुट गई है।

शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) निहित उपाध्याय ने बताया कि हीरा नगर क्षेत्र के बाल सुधार गृह की खिड़की तोड़कर शनिवार रात छह लड़के फरार हो गए। बाल सुधार गृह के कर्मचारियों ने फरार लड़कों को ढूंढने का प्रयास किया। लेकिन न मिलने पर इस बात की सूचना पुलिस को दी गई।

उन्होंने बताया कि इन लड़कों के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य संगीन अपराधों के मामले अलग-अलग अदालतों में लम्बित हैं।

सीएसपी ने बताया कि बाल सुधार गृह से फरार लड़कों में इंदौर के साथ ही बड़वानी, देवास तथा खंडवा के निवासी शामिल हैं और इन जिलों की पुलिस को भी उनके भागने की सूचना दे दी गई है।

उन्होंने बताया कि फरार लड़कों के बारे में अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है और उनकी तलाश जारी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter